काली मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकली भव्य कलश शोभायात्रा, माता के जयकारों से गुंजायमान हुआ इलाका

लखीसराय के सूर्यगढ़ा स्थित रतनुपुर गांव में काली मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर 1008 युवतियों ने भव्य कलश यात्रा निकाली. तीन दिवसीय इस महा-अनुष्ठान के तहत क्षेत्र में अखंड रामधुनी और अष्टयाम की गूंज के साथ भक्ति का माहौल बना हुआ है.

सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश गुप्ता की रिपोर्ट: प्रखंड के मोहम्मदपुर पंचायत अंतर्गत रतनुपुर गांव में नवनिर्मित काली मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर मंगलवार को भव्य कलश जलभरण शोभायात्रा निकाली गई. इस धार्मिक आयोजन में 1008 कन्याओं और युवतियों ने सिर पर कलश धारण कर हिस्सा लिया. गाजे-बाजे और माता के जयकारों के बीच निकली इस शोभायात्रा से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया.

पटेलपुर पुल घाट पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भरा गया जल

पूर्वाह्न 9 बजे आयोजन स्थल से शुरू हुई यह शोभायात्रा रतनुपुर गांव का भ्रमण करते हुए एनएच-80 के रास्ते सूर्यगढ़ा बाजार पहुंची. इसके बाद श्रद्धालु सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र के पटेलपुर पुल घाट पहुंचे, जहां विद्वान पंडितों के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पवित्र जल भरा गया. जलभरण के पश्चात शोभायात्रा पुनः उसी रास्ते से मंदिर परिसर लौटी. यात्रा के दौरान हाथों में भगवा ध्वज थामे युवा और श्रद्धालु ‘जय माता दी’ के नारे लगा रहे थे.

गर्मी को देखते हुए जगह-जगह शरबत और पेयजल की व्यवस्था

प्रचंड गर्मी को देखते हुए ग्रामीणों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मानवता की मिसाल पेश की. शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल और शरबत की व्यवस्था की गई थी. इतना ही नहीं, जिस रास्ते से जलभरण यात्री गुजर रहे थे, वहां स्थानीय लोग सड़कों पर जल का छिड़काव कर रहे थे ताकि नंगे पैर चल रहे श्रद्धालुओं को जमीन की तपिश से राहत मिल सके.

72 घंटे का अखंड रामधुनी और अष्टयाम शुरू

आयोजन समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि कलश शोभायात्रा के साथ ही तीन दिवसीय महा-अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ हो गया है. मंदिर परिसर में 72 घंटे का अखंड रामधुनी एवं अष्टयाम आयोजित किया जा रहा है. इसके साथ ही सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का भी विशेष आयोजन रखा गया है. प्राण प्रतिष्ठा उत्सव को लेकर पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक लाइटों और फूलों से भव्य तरीके से सजाया गया है, जहां रात में विशेष आरती और भजन संध्या का आयोजन होगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >