अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को पटना में होगा सम्मान समारोह
डीएम ने चयनित बालिकाओं को सुरक्षित ले जाने व वापस लाने के लिए प्रतिनियुक्त की दो महिला नोडल पदाधिकारी
लखीसराय. विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली लखीसराय जिले से चयनित 31 बालिकाओं को पटना में आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बिहार सरकार सम्मानित करेगी. राज्य सरकार ने विभिन्न विधाओं एवं स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सूबे के विभिन्न जिलों से 203 बालिकाओं का ऑनलाइन चयन किया था. राज्य सरकार की महिला एवं बाल विकास निगम की चयन सूची में सबसे ज्यादा लखीसराय जिले से 31 बालिकाएं शामिल हैं. इनमें केवल बालिका कबड्डी स्पर्धा में 13 बालिकाएं सम्मान सह पुरस्कार सूची में शामिल है, शेष ताइक्वांडो, खोखो, नृत्य कला, गायन कला, शिक्षा, संस्कृति एवं अन्य सामाजिक कुरीतियां मिटाने में उत्कृष्ट प्रदर्शन की है. बालिका कबड्डी क्षेत्र से चयनित बालिकाओं में राष्ट्रीय खिलाड़ी आशिका शांडिल्य, प्रीति कुमारी व अंजली कुमारी तथा राज्यस्तरीय खिलाड़ियों में प्रिया कुमारी, श्रेया कुमारी, राजनंदिनी कुमारी, शानू कुमारी, तान्या परासर, झालो कुमारी, आंचल कुमारी, प्रियंका कुमारी, लवली कुमारी एवं मौसम कुमारी शामिल है. महिला एवं बाल विकास निगम लखीसराय की पदाधिकारी वंदना पांडेय एवं समन्वयक प्रशांत कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि चयनित बालिकाओं को सात मार्च को सुबह नौ बजे सड़क मार्ग से बस के जरिये ले जाया जायेगा. सुरक्षित आवागमन एवं आवासन के लिए डीएम द्वारा दो महिला नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गयी. डीएम मिथिलेश मिश्र सात मार्च की सुबह जिला समाहरणालय से बस को हरी झंडी दिखाकर पटना के लिए रवाना करेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
