Spiritual Event: सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत मेदनी चौकी स्थित अमरपुर ठाकुरबाड़ी मैदान, एनएच-80 के समीप 30 जुलाई से 5 अगस्त तक प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, भिड़हा (लखीसराय) के तत्वावधान में श्रीमद्भगवद्गीता के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रवचनमाला एवं द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन मेले का आयोजन किया जाएगा. आयोजन की जानकारी सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई.
30 जुलाई को होगा भव्य उद्घाटन
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ 30 जुलाई को शाम 4 बजे होगा. इसके बाद प्रतिदिन शाम 5 बजे से "श्रीमद्भगवद्गीता के आध्यात्मिक रहस्य द्वारा जीवन जीने की कला" विषय पर प्रवचनमाला आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.
29 जुलाई को निकलेगी कलश शोभायात्रा
आयोजन की शुरुआत 29 जुलाई को सुबह 8 बजे ब्रह्माकुमारीज राजयोग केंद्र, भिड़हा से निकलने वाली कलश शोभायात्रा से होगी. शोभायात्रा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आयोजन स्थल तक पहुंचेगी.
राजयोग मेडिटेशन और विशेष प्रदर्शनी भी होगी
31 जुलाई से प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 8:30 बजे तक नि:शुल्क तनावमुक्त राजयोग मेडिटेशन शिविर आयोजित किया जाएगा. मेले में द्वादश ज्योतिर्लिंगों की आकर्षक प्रतिकृतियां, गो-आधारित प्राकृतिक कृषि एवं शाश्वत योगिक खेती से जुड़े स्टॉल, व्यसन मुक्ति स्टॉल तथा आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे.
सभी कार्यक्रमों में प्रवेश रहेगा नि:शुल्क
Spiritual Event: आयोजकों ने बताया कि सभी धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा. प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीके जयमाला, बीके रोशनी, बीके संजय, बीके नवीन, बीके संजीव सहित अन्य सदस्यों ने मीडिया से कार्यक्रम की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की.
