Lakhisarai Suicide News: लखीसराय जिले के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के औरे गांव में एक फर्नीचर व्यवसायी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान तेतरहाट थाना क्षेत्र के महिसोना गांव निवासी मनोज मिस्त्री के पुत्र संजीत शर्मा के रूप में हुई है. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है.
फर्नीचर हाउस के कमरे में मिला शव
जानकारी के अनुसार संजीत शर्मा अपने फर्नीचर हाउस के बंद कमरे में फंदे से लटके मिले. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.
घरेलू विवाद की आशंका
रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष चुन्नू कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. शुरुआती जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है. उन्होंने बताया कि लोगों से पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि मृतक ने दो सगी बहनों से शादी की थी. हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता जांच और परिजनों के आवेदन के आधार पर ही चल सकेगा.
खिड़की से देखने पर हुई घटना की जानकारी
Lakhisarai Suicide News: मृतक के चचेरे भाई ने बताया कि उनका भी औरे गांव में फर्नीचर का व्यवसाय है. उन्होंने बताया कि संजीत को काम के दौरान कमरे में जाकर आराम करने की आदत थी. काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो कमरे में कुर्सी गिरी हुई थी और संजीत फंदे से लटके हुए थे. इसके बाद तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों द्वारा आवेदन देने की बात कही गई है. आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
