डाक पार्सल से बरामद शराब के साथ उत्पाद विभाग के अधिकारी | Prabhat Khabar Network

दवा बताकर ले जा रहे थे डाक पार्सल वैन में शराब, खुली सील तो सामने आई 20 लाख की खेप

उत्पाद विभाग ने लखीसराय में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. डाक पार्सल वैन से करीब 20 लाख रुपये की विदेशी शराब जब्त की गई है, जिसमें चालक और सहचालक को गिरफ्तार किया गया है.

लखीसराय : लखीसराय जिले में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. बड़हिया थाना के समीप वाहन जांच के दौरान एक डाक पार्सल वैन से करीब 20 लाख रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की गयी. मामले में उत्पाद पुलिस ने वैन के चालक और सहचालक को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपी पटना जिले के दुल्हिन बाजार के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुल्हिन बाजार निवासी टुनटुन यादव के पुत्र सूरज कुमार और उमेश यादव के पुत्र मुन्ना कुमार के रूप में हुई है.

दवा का बिल दिखाकर जांच से बचने की कोशिश

जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि डाक पार्सल वैन के जरिए शराब की बड़ी खेप ले जायी जा रही है. सूचना के आधार पर टीम ने बड़हिया थाना के समीप सघन वाहन जांच शुरू की.

जांच के दौरान एक संदिग्ध डाक पार्सल वैन को रोका गया. पूछताछ में चालक और सहचालक ने वैन में दवा होने की बात कही और दवा का बिल भी दिखाया. दोनों ने वाहन सील होने का हवाला देते हुए जांच से बचने का प्रयास किया.

संदेह होने पर उत्पाद विभाग की टीम ने वैन की सील खोलकर तलाशी ली. तलाशी के दौरान दवाओं की जगह अंदर विदेशी शराब की खेप मिली. इसके बाद टीम ने शराब और डाक पार्सल वैन को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

भागलपुर से समस्तीपुर ले जा रहे थे शराब की खेप

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने उत्पाद विभाग को बताया कि शराब की खेप भागलपुर से समस्तीपुर ले जायी जा रही थी. हालांकि शराब कहां से लायी गयी थी और समस्तीपुर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है.

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा उत्पाद विभाग

उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. शराब तस्करी के इस पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है. डाक पार्सल वैन के जरिए शराब की तस्करी के इस तरीके में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि राज

रवि राज प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पीरीबाजार (लखीसराय) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >