Lakhisarai News: लखीसराय जिले में शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई की. उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर चानन थाना क्षेत्र के बन्नू बगीचा स्थित एसएसबी कैंप गेट के सामने वाहन जांच के दौरान अंग्रेजी शराब से लदी एक पिकअप वैन जब्त की गई. मौके से चालक और सह-चालक को गिरफ्तार कर लिया गया.
वाहन जांच के दौरान पकड़ी गई शराब की खेप
उत्पाद निरीक्षक निर्मल कुमार के नेतृत्व में मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान संदिग्ध पिकअप वैन (संख्या - WBL 2068) को रोककर तलाशी ली गई. जांच में वाहन के भीतर बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब के कार्टून मिले, जिसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया.
220 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद
उत्पाद निरीक्षक निर्मल कुमार ने बताया कि पिकअप वैन से कुल 220 कार्टून अंग्रेजी शराब बरामद की गई. इसमें पंजाब निर्मित रॉयल स्टैग 375 एमएल के 100 कार्टून (2400 पीस/900 लीटर), रॉयल चैलेंज 375 एमएल के 100 कार्टून (2400 पीस/900 लीटर) तथा आइकॉनिक व्हाइट 375 एमएल के 20 कार्टून (480 पीस/180 लीटर) शामिल हैं.
पश्चिम बंगाल के दो तस्कर गिरफ्तार
मौके से गिरफ्तार चालक की पहचान पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के रानीगंज माड़ी दुकान निवासी रामबालक भुइयां के पुत्र सनटू भुइयां के रूप में हुई है. वहीं सह-चालक की पहचान सुजय मन्ना के पुत्र सुवेंदु मन्ना के रूप में की गई है. दोनों से पूछताछ कर तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है.
प्राथमिकी दर्ज, जांच जारी
Lakhisarai News: छापेमारी दल में उत्पाद अवर निरीक्षक सांता कुमार, सहायक अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार, सिपाही गोपाल कुमार तथा गृह रक्षक के जवान शामिल थे. उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही शराब की खेप के स्रोत और गंतव्य का पता लगाने के लिए जांच जारी है.
