सूर्यगढ़ा बाजार में आज हटाया जायेगा अतिक्रमण

स्थानीय सूर्यगढ़ा बाजार में आये दिन जाम की समस्या से निजात पाने के लिए जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र के निर्देश पर सूर्यगढ़ा बाजार को अतिक्रमण मुक्त करने की मुहिम शुरू की जा रही है

प्रशासन ने व्यवसायियों के साथ बैठक कर की चर्चा

सूर्यगढ़ा

स्थानीय सूर्यगढ़ा बाजार में आये दिन जाम की समस्या से निजात पाने के लिए जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र के निर्देश पर सूर्यगढ़ा बाजार को अतिक्रमण मुक्त करने की मुहिम शुरू की जा रही है. सोमवार 23 मार्च को सूर्यगढ़ा बाजार में इस मुहिम की शुरुआत होगी. इसके ठीक पहले रविवार 22 मार्च को प्रशासन ने स्थानीय व्यवसायियों के साथ बैठक की. जिसमें सूर्यगढ़ा बाजार में हर रोज हो रही जाम की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आवश्यक विचार-विमर्श किया गया. बैठक में थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह के अलावे बीडीओ मंजुल मनोहर मधुप, सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर राजीव कुमार, चेंबर अध्यक्ष आलोक अग्रवाल, वाणिज्य संघ के अध्यक्ष प्रवीण राठौर के साथ सैकड़ों की संख्या में स्थानीय कारोबारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि 23 मार्च से सूर्यगढ़ा बाजार में अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू की जानी है. बैठक में इसे लेकर व्यवसायियों की राय ली गयी और उनकी समस्याओं की जानकारी ली गयी. थानाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि अभी सूर्यगढ़ा बाजार में स्थायी अतिक्रमण हटाने की कोई कार्य योजना नहीं है. उन्होंने कहा कि फिलहाल मुख्य सड़क के अलावे फुटपाथ में एनएच 80 के दोनों और बने नाले से दो-दो फीट तक की सरकारी जमीन को व्यवसायी अतिक्रमण मुक्त कर दें. व्यवसायियों का कहना था कि यहां फुटपाथ की दुकानदारों के लिए वैकल्पिक जगह निश्चित नहीं होने से परेशानी बनी हुई है. उनकी रोजी-रोटी का सवाल है. आखिर वे अपनी दुकान कहां लगायेंगे. इसके लिए पहले वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराया जाय. व्यवसायियों ने इसके लिए पीडब्ल्यूडी की जमीन, जिला परिषद की जमीन एवं किसी निजी जमीन को किराये पर लेकर उपलब्ध कराये जाने की बात कही. एनएच 80 पर संचालित हो रहे ई-रिक्शा सहित अन्य वाहन पड़ाव को बाजार से बाहर शिफ्ट करने पर चर्चा हुई.

रात के 8 बजे से सुबह 8 तक होगी माल अनलोडिंग

बैठक में निर्देश दिया गया कि सूर्यगढ़ा बाजार में पीक आवर में बड़े मालवाहक वाहन से माल की अनलोडिंग नहीं होगी. व्यवसायियों को निर्देश दिया गया कि वह रात के 8 बजे से सुबह के 8 बजे तक ही मुख्य बाजार में वहां से माल की अनलोडिंग एवं लोडिंग कर सकते हैं. नियम का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जायेगी. प्रशासन में स्पष्ट कहा कि उनका उद्देश्य व्यवसायियों के रोजी रोजगार को नुकसान पहुंचाना नहीं है. वे केवल मुख्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त करना चाहते हैं. व्यवसायी भी इस पर उनका सहयोग करें. मौके पर वार्ड पार्षद अमृत भाई पटेल, रोशन कुमार झा उर्फ सुग्गा झा, दवा कारोबारी विजय यादव, अंकित केडिया, राजेंद्र यादव, सक्कू महतो सहित सैकड़ो की संख्या में स्थानीय कारोबारी जनप्रतिनिधि आदि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >