सहयोग शिविर में बिजली और नल-जल की समस्याओं पर 30 आवेदन, जर्जर स्कूल भवन का भी उठा मुद्दा

डुमरी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा. बिजली, नल-जल, स्कूल भवन और खाद कालाबाजारी जैसे मुद्दों पर करीब 30 आवेदन प्राप्त हुए. अधिकारियों ने त्वरित समाधान का आश्वासन दिया.

बड़हिया. प्रखंड के डुमरी पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं. शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित करने और पौधारोपण के साथ किया गया. ग्रामीणों ने बिजली, नल-जल, विद्यालय भवन, खाद की कालाबाजारी और पंचायत सरकार भवन तक पहुंच पथ समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की.

बिजली और नल-जल से जुड़ी समस्याओं के आए करीब 30 आवेदन

शिविर में बिजली और नल-जल से संबंधित करीब 30 आवेदन प्राप्त हुए. ग्रामीणों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण उन्हें लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द समस्याओं का समाधान कराने की मांग की.

पिछले शिविर के आवेदन का समाधान नहीं होने पर अधिकारी नाराज

ग्रामीणों ने शिकायत की कि पिछले सहयोग शिविर में भी बिजली की समस्या को लेकर आवेदन दिया गया था, लेकिन एक माह बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ. मामले की जानकारी मिलने पर वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को लंबित शिकायतों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया.

जर्जर डुमरी मध्य विद्यालय भवन का भी उठा मामला

शिविर में ग्रामीणों ने डुमरी मध्य विद्यालय के जर्जर भवन की समस्या भी अधिकारियों के सामने रखी. शिकायत पर वरीय उप समाहर्ता ने विद्यालय का स्थल निरीक्षण किया और भवन की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया.

खाद की कालाबाजारी की जांच की मांग

स्थानीय निवासी विपिन सिंह उर्फ लोहा सिंह ने क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी की जांच कराने की मांग की. उन्होंने अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की.

पंचायत सरकार भवन के आसपास अव्यवस्था का भी मुद्दा

ग्रामीणों ने पंचायत सरकार भवन के पास बेतरतीब तरीके से लगाए गए बिजली के पोल और तारों को व्यवस्थित कराने की मांग की. इसके अलावा पंचायत सरकार भवन तक पहुंचने वाले रास्ते को भी सुदृढ़ कराने की मांग अधिकारियों के सामने रखी गई.

लापरवाही पर कार्रवाई की दी चेतावनी

वरीय उप समाहर्ता शशि कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निष्पादन में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

शिविर में जिला सहकारिता पदाधिकारी विनीत आनंद, श्रम अधीक्षक संजय कुमार चौधरी, आरओ जय कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी, डुमरी के सरपंच विकास कुमार, स्वच्छता पर्यवेक्षक रमेश पाठक सहित अन्य अधिकारी, कर्मी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >