जिलाधिकारी ने किया सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने गुरुवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और 24 एंबुलेंसों की स्थिति का जायजा लिया. डीएम ने अस्पताल की साफ-सफाई और मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए.

लखीसराय से अजीत सिंह एवं देव कुमार की रिपोर्ट: जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने गुरुवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली देखी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. डीएम के इस औचक निरीक्षण से अस्पताल परिसर में हड़कंप की स्थिति रही.

विभागों की बारीकी से की जांच

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, मेटरनिटी वार्ड और दवाखाना (फार्मेसी) का भ्रमण किया. उन्होंने अस्पताल प्रशासन को पूरे परिसर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सरकार की गाइडलाइंस के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं.

एंबुलेंस की स्थिति का लिया जायजा

डीएम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल में कुल 24 एंबुलेंस उपलब्ध हैं. उन्होंने सभी एंबुलेंस की कंडीशन और उनके रखरखाव का भौतिक निरीक्षण किया ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर सेवा मिल सके. उन्होंने स्पष्ट किया कि एंबुलेंस सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

मरीज से जाना अस्पताल का हाल

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वार्डों में भर्ती मरीजों से भी बातचीत की. उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिल रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य कर्मियों के व्यवहार के बारे में जानकारी ली. डीएम ने कहा कि पूर्व की तुलना में सदर अस्पताल की व्यवस्था बेहतर हुई है, लेकिन इसे और भी सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास और निगरानी की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >