सदर अस्पताल के चिकित्सकों और जेल स्वास्थ्य कर्मियों के संयुक्त सहयोग से शुक्रवार को मंडल कारागार में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का नेतृत्व जेल चिकित्सक डॉ राहुल कुमार और दंत रोग विशेषज्ञ डॉ आरके उपाध्याय ने किया. इस दौरान कारागार में बंद 100 से अधिक महिला व पुरुष बंदियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की गयी. शिविर में रक्तचाप, शुगर, दंत परीक्षण समेत अन्य जरूरी जांच की गयी. जांच के दौरान चिकित्सकों ने बंदियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को गंभीरता से सुना. कई बंदियों में सामान्य कमजोरी, उच्च रक्तचाप और जोड़ों के दर्द की शिकायत मिली. आवश्यक परामर्श के साथ जरूरी दवा भी उपलब्ध करायी गयी. डॉ आरके उपाध्याय ने दंत रोगों से बचाव और मुंह की स्वच्छता को लेकर बंदियों को जागरूक किया. वहीं डॉ राहुल कुमार ने सभी बंदियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी. उन्होंने नियमित योग, प्राणायाम, सुबह-शाम टहलने और शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने पर जोर दिया. संतुलित आहार, साफ-सफाई और नशे से दूरी रखने के फायदे भी बताये गये. जेल प्रशासन ने शिविर को बंदियों के लिए लाभकारी बताया. अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बंदियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होता है. प्रशासन की ओर से नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने की बात कही गयी. शिविर के सफल आयोजन से कारागार में सकारात्मक माहौल रहा. बंदियों ने चिकित्सकों और कारागार प्रशासन का आभार जताया. बंदियों ने कहा कि इस पहल से उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के साथ जागरूकता भी मिली है. मौके पर डॉ अश्विनी कुमारी, जीएनएम प्रियंका कुमारी और नेत्र सहायक हेमंत कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.