सूचना बोर्ड पर गायब मिली निर्माण अवधि, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

लखीसराय में सड़क निर्माण के सूचना बोर्ड पर कार्य अवधि की जानकारी न होने से ग्रामीण नाराज हैं। विभाग ने इसे संवेदक की लापरवाही बताया है। पूरी खबर यहाँ पढ़ें।

पीरीबाजार (लखीसराय). स्थानीय थाना से चौकड़ा तक ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्य योजना के तहत बन रही सड़क के सूचना बोर्ड पर निर्माण अवधि का उल्लेख नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है. बोर्ड पर कार्य प्रारंभ और समाप्ति की तिथि अंकित नहीं होने के कारण योजना की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

62 लाख रुपये की है परियोजना

सूचना बोर्ड के अनुसार 1.350 किलोमीटर लंबी इस सड़क की प्राक्कलित लागत करीब 62 लाख रुपये है, जबकि इसके संचालन एवं प्रबंधन के लिए 9.31 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है. निर्माण कार्य ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल लखीसराय की देखरेख में कराया जा रहा है.

ग्रामीणों ने पारदर्शिता पर उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी सरकारी योजना में कार्य प्रारंभ और समाप्ति की तिथि का स्पष्ट उल्लेख पारदर्शिता के लिए आवश्यक होता है, लेकिन यहां इस नियम की अनदेखी की गई है. ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अक्सर निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सूचना बोर्ड लगाए जाते हैं या उनमें आवश्यक जानकारियां अधूरी छोड़ दी जाती हैं. इससे कार्य की समयसीमा और गुणवत्ता की निगरानी प्रभावित होती है.

विभाग से जांच और सुधार की मांग

ग्रामीणों ने विभाग से मामले की जांच कर सूचना बोर्ड पर सभी आवश्यक जानकारियां अंकित कराने की मांग की है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि विभागीय निगरानी में कार्य होने के बावजूद बोर्ड पर तिथियां क्यों नहीं दर्ज की गईं.

जेई ने बताया संवेदक की लापरवाही

ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता ब्रजेश कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि सूचना बोर्ड पर अधूरी जानकारी संवेदक की लापरवाही का परिणाम है. नियमानुसार कार्य शुरू होने से पहले ही बोर्ड पर सभी आवश्यक जानकारियां अंकित होना अनिवार्य है. उन्होंने आश्वासन दिया कि संवेदक को निर्देश देकर जल्द ही बोर्ड पर कार्य प्रारंभ और समाप्ति की तिथि अंकित करा दी जाएगी.

ALSO READ : सांप डसने के बाद इलाज में देरी, झाड़-फूंक के चक्कर में गई 13 वर्षीय किशोरी की जान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Amit Kr Sinha

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >