Lakhisarai Weather News : लखीसराय में पिछले दो दिनों से पड़ रही तेज गर्मी के बाद मौसम का मिजाज बदलने वाला है. सोमवार को आसमान में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है.
बादलों की दस्तक से बदलेगा मौसम का मिजाज
शुक्रवार और शनिवार को तेज धूप के कारण जिले में झुलसा देने वाली गर्मी महसूस की गई थी. शनिवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. हालांकि सोमवार को मौसम पूरी तरह बदलने के संकेत हैं. दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और बीच-बीच में तेज बौछारों के साथ बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
75 प्रतिशत बारिश की संभावना, उमस फिर भी रहेगी बरकरार
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को जिले में 75 प्रतिशत तक बारिश की संभावना है. लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी. हालांकि दोपहर तक 95 प्रतिशत आर्द्रता रहने के कारण उमस का असर पूरी तरह खत्म नहीं होगा. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के बाद तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है.
28 और 29 जुलाई को भी बरसेंगे बादल
स्काइमेट के अनुसार सोमवार के बाद भी मौसम सक्रिय बना रहेगा. 28 और 29 जुलाई को भी जिले में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. लगातार बादल छाए रहने से तेज धूप का असर कम होगा और मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहेगा. इससे किसानों और आम लोगों दोनों को राहत मिलने की उम्मीद है.
कृषि वैज्ञानिक ने किसानों को दी महत्वपूर्ण सलाह
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. सुभाष चंद्र ने किसानों को सलाह दी है कि ऐसे मौसम में सब्जियों का बिचड़ा निचले क्षेत्रों के बजाय ऊंचे खेतों में तैयार करें. बारिश के दौरान जलभराव की आशंका को देखते हुए खेत का उचित चयन करना जरूरी है, ताकि पौधों को नुकसान न पहुंचे और बेहतर उत्पादन मिल सके.
