लखीसराय. जिले में गुरुवार की सुबह मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया. आसमान में बादलों और सूर्यदेव के बीच चल रही लुका-छिपी के साथ बह रही ठंडी हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी है. बुधवार रात आए तेज आंधी-तूफान का असर गुरुवार सुबह तक देखा गया, जिससे वातावरण में ठंडक बनी रही.
दोपहर में बढ़ेगी तपिश, आंधी-तूफान की फिर आशंका
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सुबह की राहत के बाद दोपहर में तापमान बढ़ने की संभावना है. दिन का अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. विभाग ने एक बार फिर आंधी-तूफान आने की आशंका जताई है, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा.
फसलों पर कुदरत की मार: आम और सब्जियों को भारी नुकसान
लगातार हो रही आंधी और बारिश ने जिले के किसानों की कमर तोड़ दी है. इसका सबसे बुरा असर नकदी फसलों और फलों पर पड़ा है:
- आम की फसल: तेज आंधी के कारण आम के टिकोले (छोटे फल) झड़ रहे हैं, जिससे बागवान काफी चिंतित हैं.
- सब्जियां: खीरा और ककड़ी की लताओं वाले खेतों में पानी जमा होने से फल और फूल गलने लगे हैं. इससे पैदावार और गुणवत्ता दोनों पर असर पड़ रहा है.
Also Read: देर रात आंधी-बारिश का तांडव, भीषण गर्मी से मिली राहत पर घंटों गुल रही बिजली
कृषि वैज्ञानिकों की सलाह
कृषि वैज्ञानिक सुधीर चंद्र ने बताया कि वैशाख और ज्येष्ठ के महीने में इस तरह का मौसम प्रायः देखने को मिलता है. यह मौसम जमीन पर फैलने वाली लतदार सब्जियों और आम के लिए काफी नुकसानदेह होता है. उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि वे नुकसान कम करने के लिए कृषि सलाहकारों और वैज्ञानिकों से संपर्क कर उचित कीटनाशक या जल निकासी के उपायों पर चर्चा करें.
