मुख्यमंत्री के दौरे से लोगों में जगी नयी उम्मीद

लखीसराय जिले के कजरा क्षेत्र में इन दिनों एक अलग ही उत्साह और उम्मीद का माहौल देखने को मिल रहा है

कजरा लखीसराय जिले के कजरा क्षेत्र में इन दिनों एक अलग ही उत्साह और उम्मीद का माहौल देखने को मिल रहा है. प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्थानीय लोगों के बीच काफी चर्चा है. लोगों को उम्मीद है कि यह दौरा क्षेत्र के विकास के लिए नयी राह खोल सकता है. दरअसल, नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद लगभग 21 वर्षों में पहली बार कजरा की धरती पर उनका आगमन होने जा रहा है. इससे पहले वर्ष 2005 में जब वे रेल मंत्री थे, तब वे कजरा आये थे. उस समय उनके दौरे के दौरान कजरा रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनों का ठहराव भी दिया गया था, जिसका लाभ आज भी यहां के लोगों को मिल रहा है. स्थानीय लोग मानते हैं कि अगर मुख्यमंत्री सीधे यहां आकर जनता से संवाद करेंगे, तो उन्हें इलाके की समस्याओं और जरूरतों की भी जानकारी मिलेगी. लोगों का कहना है कि कजरा में सोलर पावर प्लांट तो स्थापित हुआ है, लेकिन इससे स्थानीय लोगों को रोजगार नही मिल पाया है. क्षेत्र के लोगों का कहना है कि लखीसराय जिले के लगभग सभी प्रखंडों को किसी न किसी रूप में विकास की बड़ी सौगात मिली है. बड़हिया में नवोदय विद्यालय की स्थापना हुई है, रामगढ़ चौक में पारा मेडिकल कॉलेज मिला है, हलसी में इंजीनियरिंग कॉलेज की सुविधा शुरू हुई है. वहीं जिला मुख्यालय लखीसराय में पॉलिटेक्निक और आईटीआई संस्थान संचालित हो रहे हैं. चानन क्षेत्र में पशुपालन स्पर्म स्टेशन एवं रिसर्च सेंटर की स्थापना भी की गयी है, जिससे पशुपालन के क्षेत्र में नयी संभावनाएं बनी हैं. हालांकि, लोगों का कहना है कि सूरजगढ़ा प्रखंड को अब तक वैसी बड़ी सौगात नहीं मिल पायी है, जिसकी यहां के लोग लंबे समय से उम्मीद कर रहे हैं. इसी वजह से मुख्यमंत्री के इस दौरे से सूर्यगढ़ा और कजरा क्षेत्र के लोगों की उम्मीदें और भी बढ़ गयी हैं. लोगों का मानना है कि अगर यहां शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग या रोजगार से जुड़ी कोई बड़ी योजना मिलती है, तो इससे आने वाले समय में कजरा और आसपास के क्षेत्रों को समृद्धि की नयी राह मिल सकती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sharath tripathi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >