बड़हिया स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का टोटा, धूप-बारिश में ट्रेन का इंतजार

बड़हिया रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के बावजूद यात्री सुविधाओं का अभाव है। धूप और बारिश में यात्री परेशान हैं, ओवरब्रिज का स्लोप भी बना मुसीबत।

लखीसराय : दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बड़हिया रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं की कमी से रोजाना यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्टेशन पर पर्याप्त यात्री शेड नहीं होने के कारण लोगों को धूप और बारिश के बीच ट्रेनों का इंतजार करना पड़ता है. सबसे अधिक परेशानी प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर होती है. अप लाइन की ओर पर्याप्त शेड नहीं रहने से यात्रियों को खुले आसमान के नीचे खड़ा रहना पड़ता है.

प्लेटफॉर्म संख्या दो पर यात्रियों के लिए एक छोटा शेड उपलब्ध है, लेकिन यात्रियों की संख्या को देखते हुए यह पर्याप्त नहीं है. बारिश के दौरान शेड के बाहर खड़े यात्रियों को भीगने और तेज धूप में गर्मी झेलने की मजबूरी रहती है. यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, ऐसे में पर्याप्त शेड की व्यवस्था जरूरी है.

अमृत भारत योजना में शामिल, फिर भी सुविधाओं का इंतजार

बड़हिया रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है. इसके बावजूद यात्रियों को कई बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है. यात्रियों का कहना है कि योजना में स्टेशन के शामिल होने के बाद उन्हें सुविधाओं में सुधार की उम्मीद थी, लेकिन अब भी कई समस्याएं बनी हुई हैं. यात्रियों ने स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म पर पर्याप्त शेड और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है.

96 मीटर लंबे ओवरब्रिज का स्लोप बना परेशानी

स्टेशन पर नवनिर्मित करीब 96 मीटर लंबे ओवरब्रिज का स्लोप भी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है. तीखे स्लोप के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को चढ़ने-उतरने में कठिनाई होती है. यात्रियों का कहना है कि ओवरब्रिज का निर्माण इस तरह होना चाहिए कि हर उम्र के लोग आसानी से इसका इस्तेमाल कर सकें.

बीते दिनों दो ट्रेनों के बीच यात्रियों के फंसने का वीडियो भी सामने आया था. इसके बाद स्टेशन पर सुरक्षित आवागमन और ओवरब्रिज की उपयोगिता को लेकर सवाल उठे थे. यात्रियों का कहना है कि ओवरब्रिज के साथ-साथ प्लेटफॉर्म पर भी ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिल सके.

शेड के लिए वरीय अधिकारियों को लिखा जायेगा पत्र

स्टेशन मास्टर ने बताया कि यात्री शेड की कमी को लेकर आवश्यकता के अनुसार वरीय अधिकारियों को पत्र लिखकर अतिरिक्त शेड की मांग की जायेगी. उन्होंने बताया कि स्टेशन परिसर की साफ-सफाई के लिए चार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है और नियमित रूप से सफाई करायी जाती है. प्लेटफॉर्म पर खराब नलों को भी हाल में बदल दिया गया है.

स्टेशन मास्टर ने यात्री सुविधाओं में सुधार के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया. वहीं यात्रियों की मांग है कि स्टेशन को अमृत भारत योजना के अनुरूप विकसित करते हुए शेड, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार जल्द किया जाये, ताकि उन्हें रोजाना होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >