विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से श्रम विभाग के प्रचार-प्रसार वाहन को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
डीएम ने दिखायी प्रचार वाहन को हरी झंडी
लखीसराय.
विश्व बाल श्रम निषेध दिवस पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से श्रम विभाग के प्रचार-प्रसार वाहन को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. वाहन के माध्यम से जिले में बाल श्रम के दुष्परिणामों और शिक्षा के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया जायेगा. इसका मुख्य उद्देश्य बाल श्रम उन्मूलन के प्रति जन-सहभागिता बढ़ाना और बच्चों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना है. डीएम ने कहा कि बाल श्रम सामाजिक कुरीति है. इसे खत्म करने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है. उन्होंने लोगों से अपील की कि बाल श्रम की सूचना विभाग को दें और बच्चों को शिक्षा से जोड़ें. इसके बाद मंत्रणा कक्ष में अधिकारियों-कर्मियों को बाल श्रम न कराने और जागरूकता फैलाने की शपथ दिलायी गयी. सभी ने बच्चों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया. कार्यक्रम में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, डीडीसी सुमित कुमार, श्रम अधीक्षक संजय कुमार चौधरी, विकासार्थ एनजीओ की सचिव सुनीता सिंह, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रंजीत कुमार, आशीष कुमार, राम जीवन कुमार, अनिकेत समेत श्रम विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे.
राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.