बड़हिया प्रखंड कार्यालय में तैयार हो रहा डिजिटल कंट्रोल रूम

बड़हिया प्रखंड कार्यालय में बिहार स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क (बिस्वान) कक्ष को अत्याधुनिक डिजिटल कंट्रोल रूम के रूप में विकसित किया जा रहा है

पंचायतों से होगा सीधा ऑनलाइन जुड़ाव

बड़हिया

बड़हिया प्रखंड कार्यालय में बिहार स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क (बिस्वान) कक्ष को अत्याधुनिक डिजिटल कंट्रोल रूम के रूप में विकसित किया जा रहा है. प्रखंड परिसर स्थित कक्ष में मरम्मत और सौंदर्यीकरण का काम लगभग पूरा कर लिया गया है. दीवारों की पेंटिंग, नयी फ्लोरिंग तथा आधारभूत ढांचे को दुरुस्त किया गया है. अब तकनीकी उपकरणों को व्यवस्थित ढंग से स्थापित करने की तैयारी चल रही है. इंटरनेट सेवा को निर्बाध बनाये रखने के लिए बीएसएनएल और एयरटेल के अलग-अलग टावर लगाये जायेंगे, ताकि किसी एक नेटवर्क में बाधा आने पर भी कनेक्टिविटी प्रभावित न हो. डिजिटल कक्ष में टीवी स्क्रीन, सीसीटीवी कैमरा, साउंड सिस्टम, फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा दिये गये हैं. पूरा कार्य बेल्ट्रॉन के माध्यम से संपादित किया जा रहा है. प्रखंड प्रशासन का कहना है कि कक्ष के पूरी तरह क्रियाशील हो जाने के बाद सभी पंचायत सरकार भवनों को यहीं से जोड़ा जायेगा. वीडियो कांफ्रेंसिंग की सुविधा से पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित किया जा सकेगा. बिजली आपूर्ति को स्थायी बनाये रखने के लिए सोलर सिस्टम, बैटरी बैकअप और यूपीएस की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि तकनीकी कार्य में व्यवधान न आये. बीडीओ प्रतीक कुमार ने बताया कि डिजिटल आधारभूत संरचना मजबूत होने से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजीव मुरारी सिन्हा लखीसराय में प्रिंट माध्यम में 23 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के लखीसराय कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >