कालाबाजारी रोकने के लिए ”धावा दल” लगातार कर रही छापेमारी
लखीसराय. मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण एलपीजी की आपूर्ति पर पड़ रहे असर को देखते हुए लखीसराय जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और गैस की किल्लत न हो, इसके लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर कई कड़े कदम उठाये गये हैं. प्रशासन ने जिले के सभी प्रखंडों में बीडीओ, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित थानाध्यक्ष की सदस्यता वाला एक ”त्रिसदस्यीय धावा दल” गठित किया है. जो लगातार भ्रमणशील रहकर एलपीजी की कालाबाजारी व अवैध भंडारण की जांच कर रही है.कंट्रोल रूम व हेल्पलाइन नंबर जारी
आम जनता की शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए समाहरणालय में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है. उपभोक्ता किसी भी समस्या या शिकायत के लिए दूरभाष संख्या 06346-232952 पर संपर्क कर सकते हैं.पीएनजी व प्रवासी मजदूरों के लिए विशेष व्यवस्था
बड़हिया और लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र में आईओसीएल द्वारा पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति की जा रही है. नये कनेक्शन के लिए उपभोक्ता नोडल पदाधिकारी कुशाग्र पांडेय (8565835550) या प्रतीक (7235846052) से संपर्क कर सकते हैं. जिले में वापस आ रहे प्रवासी मजदूरों के लिए पांच किलो वाले फ्री-ट्रेड एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित की गयी है.जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है. वर्तमान में भारत सरकार के निर्देशानुसार, उपभोक्ता अपने अंतिम सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक करा सकेंगे. बुकिंग के दो से तीन दिनों के भीतर आपूर्ति कर दी जायेगी. उन्होंने जनता से अपील की है कि वे गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और न ही घबराएं. पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भी वैकल्पिक दिनों पर सुचारू रूप से की जा रही है. उपभोक्ता आवश्यकतानुसार नजदीकी पेट्रोल पंपों से तेल प्राप्त कर सकते हैं.
