लखीसराय:शुक्रवार की दोपहर हत्या सहित अन्य कांडों के आरोपी सिकंदरा निवासी मो इरफान कोर्ट में पेशी के दौरान कुहासा का फायदा उठा कर भागने की कोशिश की. जिसे पुलिस बल के द्वारा खदेड़ कर पुन: गिरफ्तार कर लिया गया. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर विभिन्न कांडों का आरोपी व स्थानीय मंडल कारा में विचाराधीन कैदी के रूप में बंद सिकंदरा निवासी मो इरफान को पेशी के लिए सीजेएम कोर्ट लाया गया. पेशी के दौरान पुलिस बल की आंखों में धूल झोंकते हुए इरफान भागने की कोशिश की.
बाद में सीजेएम के गार्ड सहित अन्य पुलिस बल ने खदेड़ कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने अपराधी के फरार होने की कोशिश की पुष्टि करते हुए कहा कि उसे मौके पर तुरंत पुलिस बल के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने बताया कि धारा 124 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने अपराधी के फरार होने की कोशिश में पुलिस बल की लापरवाही को सिरे से नकारते हुए कहा कि अन्य कैदियों की पेशी कराने के दौरान इरफान भागने की कोशिश की, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया.
