एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ व डीसीएलआर के नेतृत्व में गुरुवार की देर रात 10.30 बजे से 12.05 बजे तक मंडलकारा में छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान मंडल कारा के वार्ड नंबर 13 से चार मोबाइल सहित मिले कई आपत्तिजनक सामान मिले.
लखीसराय : जिले के मंडल कारा में गुरुवार की देर रात एसपी अशोक कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ पंकज कुमार व डीसीएलआर प्रभाष चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारियों ने लगभग एक घंटे से अधिक समय तक छापेमारी की़ इस दौरान जेल के वार्ड नंबर 13 से पदाधिकारियों को चार मोबाइल, सैमसंग मोबाइल की बैटरी, चार्जर, गांजा व खैनी की पुड़िया, सिगरेट का पैकेट आदि बरामद किया गया़
छापेमारी के बाद शुक्रवार की दोपहर कवैया थाना में एक प्रेसवार्ता कर एसडीपीओ पंकज कुमार ने बताया कि एसपी साहब के निर्देश पर जेल में छापेमारी के लिए गुरुवार की देर शाम एक टीम गठित की गयी़ इसमें शामिल भू अर्जन पदाधिकारी राजेश कुमार, डीसीएलआर प्रभाष चंद्रा के अलावे सदर प्रखंड के बीडीओ मंजुल मनोहर मधुप, कवैया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, हलसी थानाध्यक्ष गौतम कुमार सिंह, रामगढ़ चौक थानाध्यक्ष राजकुमार ने पुलिस बलों के साथ रात के 10.30 बजे मंडल कारा में छापेमारी की. उन्होंने बताया कि छापेमारी के क्रम में जेल के वार्ड नंबर 13 में बंद निरंजन साव के पास से एयरसेल का सीम लगा हुआ, दीपक मिश्रा के पास से बिना सीम का, मो रजा के पास से यूनिनॉर का दो सीम लगा हुआ मोबाइल व मो छोटू के पास से बिना सीम लगा मोबाइल बरामद किया गया. इसके अलावे शेखर यादव के पास से दो पुड़िया गांजा, गुटखा, एक सैंमसंग की बैटरी, चार्जर, खैनी व सिगरेट का पैकेट बरामद किया गया़
उन्होंने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश मांगा है. इस अवसर पर कवैया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार भी उपस्थित थे.
