सिकंदरा : थाना क्षेत्र के गौहरनगर गांव में शनिवार की रात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. जानकारी के मुताबिक गौहरनगर गांव निवासी राजीव रंजन यादव शनिवार की रात लगभग 10 बजे शौच के लिये खेत की ओर जा रहा था. इसी दौरान घात लगाये अपराधियों ने राजीव रंजन यादव पर गोलीबारी कर दी. बायें हाथ में गोली लगने से राजीव रंजन यादव गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना की जानकारी पाते ही थाना अध्यक्ष विवेक भारती व एसआइ राजेश कुमार ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर राजीव रंजन यादव को उपचार के लिए सीएचसी सिकंदरा लाया. जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया गया.
राजीव ने पुलिस को दिये अपने बयान में अशोक यादव, विकास यादव, राधे यादव व एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोलीबारी करने की बात बताते हुए कहा कि तीन वर्ष पूर्व उसके पिता की अशोक यादव व अन्य अपराधियों ने पीटपीट कर हत्या कर दी थी. उस मामले में वह गवाह है और अपराधियों द्वारा बार बार गवाही नहीं देने की धमकी दी जा रही थी. इसी कारण अपराधियों ने मेरी हत्या करने की नियत से मुझ पर हमला किया. इस संबंध में थाना अध्यक्ष विवेक भारती ने बताया की अपराधियों की गिरफ्तारी को ले लगातार प्रयास किया जा रहा है.
