लखीसराय : जिले के हलसी थाना क्षेत्र व रामगढ़ चौक प्रखंड अंतर्गत नोनगढ़ पंचायत के सावन खैरमा गांव में शुक्रवार की सुबह चुनावी रंजिश में दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में दो लोग घायल हो गये. दोनों घायलों को सदर अस्पताल में भरती कराया गया़, जहां से हाथ में गोली लगने के बाद घायल उपेंद्र यादव (25) को उपचार के बाद पीएमसीएच रेफर कर दिया. वहीं दूसरे घायल रामदेव यादव (32) को सिर्फ बारूद से जख्म होने की वजह से प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. हालांकि पुलिस व एक पक्ष के द्वारा घटना खेत में बकरी चराने के सवाल पर घटने की बात कही.
गाली-गलौज करते हुए करने लगा मारपीट
वहीं रामदेव के अनुसार पंचायत चुनाव में एक पक्ष के मुखिया प्रत्याशी के समर्थन करने पर उपेंद्र नाराज था़ शुक्रवार को जब वह बंगला पर बैठा हुआ था तभी उपेंद्र, रामचंद्र यादव व भविंद्र यादव के साथ आ धमका और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा़ इसी दौरान रामचंद्र ने भविंद्र से पिस्तौल लेकर उस पर गोली चला दी. सावन खैरमा गांव निवासी बैद्यनाथ यादव के पुत्र रामदेव यादव व मंगल यादव के पुत्र उपेंद्र यादव के परिवार के बीच काफी समय से दुश्मनी चली आ रही है.
घटना के संबंध में हलसी थानाध्यक्ष गौतम कुमार सिंह ने बताया कि दोनों परिवार के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है़ दोनों आपस में गोतिया भी हैं. शुक्रवार को सिर्फ खेत में बकरी चरने के सवाल पर दोनों के बीच मारपीट व गोली चली़ रामदेव को प्राथमिक उपचार के बाद जेल भेज दिया गया है़ वहीं उपेंद्र यादव को इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है़ पुलिस मामले की जांच कर रही है़
बेटी ने लाकर दिया पिस्तौल
पीएमसीएच रेफर होने वाले घायल उपेंद्र यादव ने बताया कि खेत में बकरी चरने के सवाल पर रामदेव यादव के साथ मारपीट हुई़ उन्होंने बताया कि उसकी बकरी रामदेव के खेत में चली गयी थी. इसी बात पर रामदेव उसके साथ मारपीट करने लगा़ इसी दौरान रामदेव की बेटी रंगुता कुमारी ने पिस्तौल लाकर अपने पिता को दिया. उसके साथ बटेश्वर यादव, रामदेव के पिता बैद्यनाथ यादव, रोहित व मनीष लाठी डंडा से लैश होकर मारपीट करने पहुंचे़ इसी दौरान रामदेव ने तीन गोली चलायी, जो उसके दाहिने हाथ में लग गयी.
