250 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक देना होगा नामांकन शुल्क
लखीसराय : पंचायत चुनाव में नामांकन के लिए शुल्क राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा तय कर दिया गया है. छह पदों के लिए होने वाले चुनाव में 250 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक नामांकन शुल्क देना होगा. मुखिया पद के लिए एक हजार रुपया नामांकन शुल्क लगेगा. वहीं एससी, एसटी और पिछड़े वर्ग के प्रत्याशियों को आधा शुल्क देना होगा.
कोई भी अभ्यर्थी किसी पद के लिए दो से अधिक नामांकन पत्र दाखिल नहीं कर सकेगा. इसके लिए एक ही नामांकन शुल्क देना होगा. दूसरी ओर अलग-अलग शुल्क देकर एक व्यक्ति एक से अधिक पद पर चुनाव लड़ सकेगा. ग्राम कचहरी के पंच, ग्राम पंचायत सदस्य के सामान्य श्रेणी के प्रत्याशी को 250 रुपया, जबकि आरक्षित श्रेणी के प्रत्याशी को 125 रुपया देना होगा.
मुखिया, सरपंच और पंचायत समिति सदस्य के सामान्य श्रेणी के प्रत्याशी एक हजार रुपये जबकि आरक्षित श्रेणी के प्रत्याशी पांच सौ रुपये जमा करेंगे. जिला परिषद सदस्य के सामान्य श्रेणी के प्रत्याशी दो हजार रुपया जबकि आरक्षित श्रेणी के प्रत्याशी को एक हजार रुपया नामांकन शुल्क के रूप में देना होगा.अगर अनारक्षित पद पर कोई आरक्षित कोटि का अभ्यर्थी नामांकन कराता है, तो उसे आरक्षित कोटि की दर से ही नामांकन शुल्क देना होगा.
