हथियारबंद अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
सोनो: थाना क्षेत्र के गंदर पंचायत अंतर्गत भूरहा गांव से देर रात आधा दर्जन हथियार से लैस अपराधियों ने घर में सो रहे अयोध्या यादव के 15 वर्षीय पुत्र रमेश कुमार यादव को अगवा कर लिया. रमेश अपनी मां 45 वर्षीय सावित्री देवी के साथ घर के बरामदे पर सो रहा था. घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राम अवतार पासवान, एसआइ विजय चौधरी सैप जवानों के साथ बुधवार की तड़के सुबह भूरहा पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गये. घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि रात्रि 11 बजे के आस-पास 5-6 की संख्या में आये अपराधी अयोध्या यादव के घर आये और बरामदे में सो रही अयोध्या की पत्नी सावित्री देवी का गला व मुंह दबाते हुए मारपीट करने लगे. बाद में अपराधियों ने बगल में सो रहे उसके 15 वर्षीय पुत्र रमेश को अपने साथ ले गये. जाते वक्त अपराधियों ने फायरिंग भी किया. अपराधी बोलेरो वाहन से आये थे. घटना के वक्त रमेश के पिता बंगाल में थे. वे रेलवे में काम करते हैं. रमेश की माता द्वारा थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. झाझा एसडीपीओ कृष्ण सिंह पीड़ित परिजनों से मिलकर मामले की जांच-पड़ताल में जुट गये हैं. इस संदर्भ में पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछ-ताछ के लिए थाना लाया है. अपहृत रमेश मध्य विद्यालय बटिया में आठवीं वर्ग का छात्र है. कयास लगाया जा रहा है कि फिरौती के लिए कोई फोन या खबर नहीं भेजा गया है. झाझा एसडीपीओ कृष्ण कुमार सिंह ने इस संदर्भ में बताया कि अपहरण की घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है.
