सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक प्रेमरंजन ने कहा कि निश्चित रूप से यह कदम सराहनीय है. इससे विधायकों को अपने क्षेत्र में और अधिक विकास का कार्य करने का अवसर मिलेगा. विधायक व पार्षद कोटे की राशि आम लोगों की आवश्यकता व सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए खर्च की जाती है. लोगों की मांग पर विधायक योजना की अनुशंसा करते हैं. राशि में बढ़ोतरी से विधायक और अधिक योजना की अनुशंसा कर क्षेत्र की जनता को लाभान्वित कर सकेंगे. क्षेत्र में विकास कार्यो को गति दी जा सकेगी. लखीसराय के भाजपा विधायक विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह मांग पूर्व से की जाती रही है.
जिस तरह से चीजों के दाम में वृद्धि हुई है, योजना की राशि में उस अनुपात में बढ़ोतरी नहीं हुई. पहले विधायक को एक करोड़ तक की योजना की अनुशंसा का अधिकार था. लेकिन तब एक करोड़ में जितना कार्य होता था, आज उतना कार्य चार करोड़ में भी नहीं होता है. चालू वित्तीय वर्ष में घोषणाओं का अनुपालन नहीं हो पायेगा. हालांकि विधायक फंड की राशि में बढ़ोतरी से वे अपने विधानसभा क्षेत्र में कुछ अधिक योजनाओं की अनुशंसा कर विकास कार्य तेज कर सकेंगे.
