लखीसराय: बुधवार को लखीसराय-मुंगेर एनएच 80 पर दो सड़क हादसे में दो बाइक सवार की मौत हो गयी. जबकि दो अन्य गंभीर रूप से जख्मी हो गये. पहली घटना टाउन थाना क्षेत्र के गढ़ी विशनपुर गांव किऊल मोड़ के समीप घटी, जहां बाइक पर सवार दो भाई की एक बालू लोडेड 10 चक्का ट्रक की चपेट में आने से कुचल कर घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
मृतक की शिनाख्त मेदनीचौकी थाना क्षेत्र के बंशीपुर पंचायत अंतर्गत अमरपुर निवासी किशोरी महतो के पुत्र रंजीत कुमार व सुजीत कुमार के रूप में हुई. जानकारी के मुताबिक, रंजीत कुमार अपने भाई सुजीत के साथ ही बीआर 53 बी/1097 नंबर की हीरो ग्लैमर बाइक से इंटर की परीक्षा देकर बालगुदर स्थित परीक्षा केंद्र से अपने घर अमरपुर लौट रहा था. किऊल मोड़ के समीप एनएच 80 पर तेज रफ्तार बाइक विपरीत दिशा से आ रहे बालू लोडेड 10 चक्का ट्रक की चपेट में आ गया. ट्रक से कुचल कर दोनों भाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने घटनास्थल आ कर शव को कब्जे में लिया. उसे अंत्यपरीक्षण के लिए मुंगेर भिजवा दिया.
सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव के पास एक बाइक के असंतुलित होकर पलट जाने से चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये. बाइक चालक फुलवारीशरीफ पटना निवासी मो महमूद के पुत्र मो नियाज सहित मो अफसर को गंभीर स्थिति में इलाज के लिए सूर्यगढ़ा पीएचसी लाया गया. वहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
जानकारी के मुताबिक, बाइक चालक मो नियाज व उसका साथी मो अफसर सीमेंट कंपनी का प्रचार दीवार-लेखन का काम करते हैं. दोनों युवक कुछ दिनों से अन्य साथियों के साथ सूर्यगढ़ा के खेमतरनीथान में डेरा लेकर कंपनी का काम करते थे. बुधवार को काम पूरा कर वे अपने अगले पड़ाव मुंगेर जा रहे थे. रामनगर के पास सिर में चक्कर आ जाने से बाइक चालक मो नियाज ने अपना संतुलन खो दिया और बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. बाइक पर सवार दोनों लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गये. सूर्यगढ़ा थाना के एएसआइ रवींद्र सिंह ने मामले की जानकारी ली. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है.
