ठोकर से मरा छात्र

लखीसराय/सूर्यगढ़ा : सूर्यगढ़ा-मुंगेर एनएच 80 पर सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र की अलीनगर पंचायत के खर्रा गांव में बुधवार को एक कार के धक्के से 20 वर्षीय युवक चंदन कुमार की मौत हो गयी.युवक स्थानीय था व मुंगेर से अपने घर आ रहा था. ऑटो से उतर कर सड़क पार करने के दौरान उसे कार ने ठोकर […]

लखीसराय/सूर्यगढ़ा : सूर्यगढ़ा-मुंगेर एनएच 80 पर सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र की अलीनगर पंचायत के खर्रा गांव में बुधवार को एक कार के धक्के से 20 वर्षीय युवक चंदन कुमार की मौत हो गयी.युवक स्थानीय था व मुंगेर से अपने घर आ रहा था. ऑटो से उतर कर सड़क पार करने के दौरान उसे कार ने ठोकर मार दी.

जानकारी के मुताबिक, चंदन खर्रा गांव के ही जय बहादुर सिंह यादव का पुत्र था. वह इंटर का छात्र था. मुंगेर में रह कर इंटर का टय़ूशन ले रहा था. उसके पिता सेना में कार्यरत हैं. मणिपुर में योगदान कर रहे हैं. बुधवार को युवक विश्वकर्मा पूजा एवं जिउतिया पर्व पर मुंगेर से अपने घर खर्रा लौट रहा था. गांव के समीप ऑटो से उतर कर घर जाने के लिए एनएच 80 पार कर रहा था.

इसी दौरान खर्रा काली स्थान के समीप लखीसराय से मुंगेर की ओ जा रही अज्ञात इंडिका कार ने युवक को जोरदार ठोकर मारी. ठोकर इतनी जोरदार थी कि युवक 10 फीट ऊपर उछल कर करीब 20 फीट दूर सड़क किनारे खड़ी टाटा मैजिक सवारी गाड़ी पर जा गिरा. गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन इलाज के लिए लखीसराय ले जा रहे थे. रास्ते में ही रामपुर के समीप युवक की मौत हो गयी. इधर घटना के बाद उग्र ग्रामीणों ने ईंट, पत्थर चला कर कार के शीशे तोड़ डाले.

बावजूद इसके चालक वाहन लेकर फरार हो गया. मामले को लेकर मृत युवक चंदन के चाचा फूल यादव के बयान पर सूर्यगढ़ा थाना में अज्ञात इंडिका चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. सूर्यगढ़ा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर भिजवाया. बीडीओ राजदेव प्रसाद रजक ने मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >