लखीसराय : जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव में सामंतवाद सोच वाले दबंगों ने बेगारी नहीं करने पर एक युवक को गोलीमार कर घायल कर दिया, जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात रामचंद्रपुर गांव के देवन सिंह, प्रकाश कुमार, कन्हैया कुमार व विदन सिंह समेत अन्य लोगों ने गांव के ही पुनीत राम के पुत्र राजेश रंजन के घर पहुंच कर उसे बिना पैसा के काम (बेगारी) करने के लिए कहा, राजेश द्वारा मना करने पर दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए राजेश पर गोली चला दी, गोली राजेश के पीठ में लगी जिससे वह घायल हो गया, अचेत होकर वहीं गिर गया. दबंग गोली मारकर फरार हो गये. घायल को जख्मी अवस्था में परिजनों द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया.
पीड़ित राजेश ने पुलिस को दिये गये बयान में कहा कि पूर्व में इन लोगों के द्वारा बेगारी कराया जाता था, जिसके बाद वह कमाने के लिए दिल्ली चला गया. दिल्ली से वह छठ पूजा में लौटा तो उन्हें फिर से बेगारी करने के लिए जबरदस्ती करने लगा. मना करने पर गोलीबारी कर जख्मी कर दिया. थानाध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे ने बताया कि राजेश रंजन के बयान पर नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
खेत देखने गये युवक को मारी गोली
लखीसराय. जिले के सीमावर्ती क्षेत्र शाम्हो थाना क्षेत्र के तौफिर दियारा में खेत देखने गये युवक की गोली मारकर जख्मी कर दिया गया, युवक को पैर में गोली लगी. जानकारी के अनुसार शाम्हो थाना क्षेत्र के सरलाही बिंद टोला निवासी रामाशीष बिंद के पुत्र प्रह्लाद बिंद अपने खेतों में बुआई करने के लिए तौफिर दियारा गया हुआ था, खेत पहुंचने के बाद वहां पूर्व से मौजूद दबंग लोगों द्वारा प्रह्लाद को खेत में बुआई करने से मना किया गया एवं नहीं मानने पर गोली मारकर जख्मी कर दिया गया. घायल प्रह्लाद को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक द्वारा उपचार कर बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.
