लखीसराय : रविवार को लखीसराय के टाउन थाना व पिपरिया थाना के सीमांकन रेहुआ-मुड़वरिया बहियार में रखे रैंची की फसल में अज्ञात अपराधियों द्वारा आग लगा दिये जाने से लगभग 250 मन फसल जलकर राख हो गया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पिपरिया थानाध्यक्ष वैभव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच घटना की जानकारी ली, लेकिन क्षेत्र को टाउन थाना का क्षेत्र बताते हुए प्राथमिकी की प्रक्रिया अंचल निरीक्षक के द्वारा सीमा जांच के बाद दर्ज करने की बात कही.
मिली जानकारी के अनुसार टाउन थाना क्षेत्र के रेहुआ गांव निवासी हरेराम सिंह, परमानंद सिंह, भोला सिंह एवं भोली सिंह के परिवार के सदस्यों के द्वारा अपने खेतों में तैयार फसल को काटकर रेहुआ-मुड़वरिया बहियार स्थित दालान पर बोझा बनाकर रख दिया गया था.
रविवार की सुबह उक्त बोझा में आग लगने की जानकारी मिलने पर जबतक किसान अपने खलिहान में पहुंचते तब तक खलिहान में रखा फसल पूरी तरह जलकर राख हो चुका था.
स्थानीय लोगों के अनुसार फसल में इस तरह से आग लगने का सिलसिला 3-4 साल से लगातार चल रहा है, लेकिन आग लगाने वाले का पता नहीं चल रहा. इस संबंध में पिपरिया थानाध्यक्ष वैभव कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है.
प्राथमिकी दर्ज करने के संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि वैसे तो किसानों के द्वारा उन्हें आवेदन नहीं दिया गया है, लेकिन घटनास्थल टाउन थाना अंतर्गत बताया जा रहा है. सोमवार को सीआई द्वारा सीमा की जांच के बाद जिस थाना क्षेत्र में घटनास्थल होगा वहां प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.
