लखीसराय : बुधवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया लखीसराय के नशे में धुत बैंक गार्ड ने बैंक के महिला सफाईकर्मी की जमकर पिटाई कर दी. घटना के दौरान बैंककर्मियों व ग्राहकों के द्वारा गार्ड को इस कार्य से रोके जाने पर गार्ड द्वारा बैंक कर्मियों व अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की जाने लगी.
जिसके बाद बैंक के सहायक प्रबंधक रामजी दास ने त्वरित घटना की जानकारी कवैया पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस के पहुंचने पर गार्ड को पुलिस के हवाले कर दिया गया. इस संबंध में बैंक प्रबंधक रामजी दास ने बताया कि बैंक गार्ड सह भागलपुर निवासी सुरजीत कुमार द्वारा पंजाबी मुहल्ला निवासी सह बैंक की सफाईकर्मी सीता देवी को आपसी विवाद में दिया गया.
बैंककर्मी का शराब के नशे में होने की शक को लेकर उसे अस्पताल में चेकअप भी कराया गया. प्रबंधक ने बताया कि मारपीट की घटना को लेकर पुलिस को बुलाया गया. लेकिन नशा में होने को लेकर आवेदन नहीं दिया गया था. वहीं इस संबंध में कवैया थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि गार्ड नशे की हालत में था, जिस वजह से उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. उसे गुरूवार को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा.
