लखीसराय : जिला मुख्यालय चितरंजन रोड में रविवार को एक मकान में प्लास्टर कार्य में लगे एक मजदूर की 11 हजार वोल्टेज की लाइन का तार की चपेट में आकर मौत हो गयी.
जिले के चानन थाना क्षेत्र के लाखोचक ग्रामवासी स्व द्वारिक यादव का पुत्र बलबीर यादव (50) शनिवार से ही मोहन मिस्त्री के साथ इस काम में लगा था. संतर मुहल्ला के राजमिस्त्री मोहन के साथ कार्य में लगे अन्य मजदूरों ने युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां सदर अस्पताल के डॉ राजू ने उसे देख कर मृत घोषित कर दिया.
डॉ के सहयोगी हेमंत कुमार ने नब्ज टटोल कर व छाती पर प्रेसर डाल कर भी चेक किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. सदर अस्पताल के मुख्य द्वार पर जमे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था. परिजनों के अनुसार इसकी पत्नी की भी मौत पूर्व में करंट लगने से ही हुई थी.
