लक्ष्मीपुर में गोली मारकर युवक की हत्या
लखीसराय/पीरीबाजार : सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत पीरीबाजार थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में बुधवार की देर रात घर लौट रहे एक 40 वर्षीय युवक की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी़ गोली युवक के सीने में लगने के साथ ही आर-पार हो गयी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी़ मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर […]
लखीसराय/पीरीबाजार : सूर्यगढ़ा प्रखंड अंतर्गत पीरीबाजार थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में बुधवार की देर रात घर लौट रहे एक 40 वर्षीय युवक की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी़ गोली युवक के सीने में लगने के साथ ही आर-पार हो गयी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी़ मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर निवासी स्व अवध किशोर प्रसाद के तृतीय पुत्र गोपालजी सहाय के रूप में की गयी.
घटना के बाद रात के लगभग साढ़े नौ बजे गांव के ही एक युवक द्वारा लक्ष्मीपुर दुर्गास्थान के निकट रंगमंच पर दुर्गापूजा के दौरान होने वाले नाटक का प्रैक्टिस कर रहे मृतक के बड़े भाई श्यामलीजी सहाय को उनके छोटे भाई गोपालजी के मुखिया राजेंद्र कुशवाहा के बंगले के बाहर गिरे पड़े होने की सूचना दिये जाने के बाद श्यामलीजी एवं अन्य ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो गोपालजी मृत पड़ा था़ उसे सीने में गोली लगने व उससे खून निकलते देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना पीरीबाजार थानाध्यक्ष को दी़ सूचना पाते ही थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में ले थाना ले गये़
थानाध्यक्ष रविकांत कुमार के अनुसार मृतक को गोली कहीं और मारी गयी है और उसके शव को या तो अपराधियों ने मुखिया के बंगले के सामने रखा हो या गोली लगने के बाद मृतक स्वयं भागते हुए मुखिया के बंगले के सामने आ गिरा हो. थानाध्यक्ष ने बताया कि जिस जगह से शव बरामद किया गया वहां काफी कम मात्रा में खून गिरा था, जिससे उसके कहीं और गोली लगने क संभावना दिखाई दे रही है. वैसे पुलिस प्रत्येक बिंदुओं को ध्यान में रख कर अपना जांच प्रारंभ कर चुकी है़
परिजनों का बुरा हाल
बुधवार को जहां सभी माताएं अपनी औलाद की लंबी उम्र की कामना को लेकर जिउतिया पर्व का उपवास रखी हुई थी, वहीं पर्व के दिन ही गोपाल की मां को अपने पुत्र के मौत की खबर मिली़ मृतक की मां वैदेही देवी उपवास में कोई खोट हो गयी जिसकी सजा उनके पुत्र को मिली, कहते-कहते वह फूट-फूट कर रोने लगती थी़ वहीं मृतक की पत्नी निर्मला देवी बार-बार अपने पति को उठाने कोशिश करती दिख रही थी़ जो कोई भी उसके सामने आता उससे वह अपने पति को उठाने को कहती और कहती कि देखिए न इन्हें क्या हो गया है नहीं उठ रहे़
युवक के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के बड़े भाई श्यामलीजी सहाय के बयान पर पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ कांड संख्या 79/17 दर्ज कर ली है़ वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक गोपाल गांव में आपसी सहयोग से चलने वाली को-ऑपरेटिव का सदस्य था. जिस कॉ-ओपरेटिव में राशि जमा करने की तिथि 13 से 15 तारीख तक निर्धारित थी़ को-ऑपरेटिव का लेखा जोखा रखने वाले एक सदस्य का विगत तीन महीने पूर्व एक्सीडेंट हो जाने के बाद उसके चिकित्सक द्वारा पूर्णत: बेडरेस्ट की सलाह दिये जाने की वजह से गोपाल ही को-ऑपरेटिव का सारा हिसाब किताब रख रहा था़ इसी को लेकर वह 13 तारीख को दोपहर दो बजे ही अपने घर से निकला था और रात में वापस घर लौट रहा था़ उसी वक्त अपराधियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी. थानाध्यक्ष ने बताया कि शव के पास से एक चाबी बरामद हुई है, जिस पर किसी युवक का फोटो लगा हुआ है़ पुलिस इस दिशा में भी जांच कर रही है.
तीन वर्ष पूर्व ही हुई थी गोपाल की शादी, नहीं थी कोई औलाद
गोपाल व निर्मला की शादी के तीन वर्ष बीतने को हो रहे थे, लेकिन ईश्वर ने उनकी झोली में औलाद नहीं दी थी़ जिस वजह से निर्मला बार-बार रोते हुए कहे जा रही थी कि वह अब किसके भरोसे रहेगी. वहीं मृतक की मां वैदेही देवी अपने पुत्र की हत्या पैसे के लेन-देन की वजह से होने की आशंका जता रही थी़