अपराधियों के पास से दो पिस्टल व कारतूस बरामद
गिरफ्तार तीन अपराधियों का रहा है आपराधिक इतिहास
बड़हिया/लखीसराय. जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र के इंग्लिश मोहल्ला मे सोमवार की रात पुलिस ने छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया. तलाशी में गिरफ्तार युवकों के पास से दो पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, दो मोबाइल व दो चिलम बरामद किये गये. मंगलवार को एसडीपीओ शिवम कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर मामले की पूरी जानकारी दी. एसडीपीओ ने बताया कि बड़हिया थानाध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह को 20 अप्रैल की शाम सूचना मिली थी कि इंग्लिश मोहल्ला के पास कुछ अपराधी किसी वारदात की फिराक में जुटे हैं. इसके बाद वरीय पदाधिकारी को जानकारी देकर टीम गठित की गयी. छापेमारी के दौरान सुनसान बगीचे की झोपड़ी में चार युवक गांजा पीते मिले. जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे लेकर तलाशी ली तो उनके पास से पुलिस ने दो पिस्टल, पांच कारतूस के साथ दो मोबाइल व दो चिलम बरामद किया. गिरफ्तार युवकों की पहचान बड़हिया वार्ड नंबर 19 निवासी लक्ष्मण कुमार उर्फ छोटकी, बड़हिया वार्ड नंबर 17 निवासी कन्हैया कुमार, सौरभ कुमार व पियूष कुमार के रूप में की गयी. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार लक्ष्मण कुमार उर्फ छोटकी पर किऊल रेल थाना कांड संख्या-09/25, बड़हिया थाना कांड संख्या-193/22, 205/23, 228/23, 94/24, 95/24, 130/24 व 47/26 समेत आठ मामले दर्ज हैं. वहीं कन्हैया कुमार पर बड़हिया थाना कांड संख्या-231/15, 16/16, 89/17 समेत कई मामले दर्ज हैं. जबकि सौरभ कुमार पर भी बड़हिया थाना कांड संख्या-25/21 दर्ज हैं. उन्होंने बताया कि इनकी गिरफ्तारी को लेकर बड़हिया थाना कांड संख्या-97/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट 25(1-बी)ए/26/35 के तहत कार्रवाई की जा रही है. छापेमारी दल में थानाध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह के अलावा पुअनि जितेंद्र यादव, पुअनि निकिता कुमारी, सअनि आशीष संतोष कुमार श्रीवास्तव, सिपाही बालमुकुंद कुमार व अरविंद कुमार सिंह शामिल थे.
