पंचायत चुनाव 2026: प्रपत्र-एक के प्रकाशन में बरतें पारदर्शिता

पंचायत चुनाव 2026: प्रपत्र-एक के प्रकाशन में बरतें पारदर्शिता

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने वीसी के माध्यम से बैठक में दिये निर्देश

पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर हुई बैठक

लखीसराय. राज्य निर्वाचन आयुक्त की अध्यक्षता में सोमवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर बैठक हुई. इसमें 2011 की जनगणना के आधार पर ग्राम पंचायतों की जनसंख्या के प्रकाशन के लिए प्रपत्र-एक की तैयारी व प्रकाशन पर विस्तृत समीक्षा की गयी. आयुक्त ने निर्देश दिया कि प्रपत्र-एक का प्रकाशन पारदर्शी व त्रुटिरहित तरीके से तय समय-सीमा में पूरा किया जाये, ताकि चुनाव प्रक्रिया में कोई बाधा न हो. बैठक में प्रपत्र-एक के प्रकाशन, आपत्तियों की प्राप्ति व निपटान तथा अंतिम प्रकाशन की समय-सारिणी पर चर्चा हुई. इसमें सभी अधिकारियों को ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया. इससे आमजन समय पर आपत्ति दर्ज करा सकें. प्राप्त आपत्तियों का निष्पादन नियमानुसार व समयबद्ध तरीके से करने का निर्देश दिया गया.

डिजिटल प्रविष्टि पर दिया गया जोर

सभी प्रखंडों में प्रपत्र-एक से जुड़े आंकड़ों की प्रविष्टि डिजिटल माध्यम से करने को कहा गया. तकनीकी समस्या का त्वरित समाधान करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट किया गया कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. बैठक में प्रशिक्षण कार्यक्रम, बीएसडब्ल्यूएएन के जरिये समन्वय व विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर भी जोर दिया गया. सभी पदाधिकारियों को सतत निगरानी रखते हुए सभी कार्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया. वीसी में डीएम नीरज कुमार, एडीएम शंभूनाथ, डीडीसी सुमित कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी पम्मी रानी, डीपीआरओ रवि कुमार सहित सभी बीडीओ, सीओ व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >