मेदनीचौकी : सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के खेमतरनीस्थान निवासी स्व कृष्णदेव मिश्र के 35 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार मिश्र व विनय ठाकुर बाइक से बुधवार को देवघर जा रहे थे. इस बीच संग्रामपुर थाना क्षेत्र के बेलहर गांव के समीप एक ऑटो के चपेट में आ जाने से दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गये. दोनों को स्थानीय संग्रामपुर स्थित पीएचसी में भरती कराया गया जहां इलाज के दौरान सुनील कुमार मिश्र की मौत हो गयी जबकि घायल युवक विनय ठाकुर को भागलपुर सदर अस्पताल में रेफर किया गया.
पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को मृतक सुनील का शव पैतृक गांव खेमतरनीथान लाया गया. उसके पार्थिव शरीर को देखने ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. पंचायत मुखिया प्रतिनिधि नित्यानंद यादव ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये के अतिरिक्त भी आर्थिक मदद की. बीडीओ धर्मवीर कुमार प्रभाकर ने पारिवारिक लाभ उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. मृतक अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाला वही एकमात्र कमाऊ सदस्य था. उसकी विधवा,चार छोटे-छोटे बच्चों के अतिरिक्त विधवा मां का सहारा छीना गया. घर में कोहराम मचा हुआ है. मुखिया प्रतिनिधि नित्यानंद यादव ने शोक संतप्त परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की है.
