962 करोड़ की लागत से इस रूट पर बनेगी तीसरी रेल लाइन, बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार, लाखों को होगा फायदा

Kiul Jhajha Third Rail Line: पटना-हावड़ा मेन रेल रूट पर स्थित किऊल जंक्शन और इसके आसपास के इलाकों को रेलवे का बड़ा तोहफा मिला है. किऊल-झाझा के बीच 962 करोड़ की लागत से 54 किमी लंबी तीसरी रेल लाइन बनेगी. साथ ही किऊल-गया दोहरीकरण पूरा होने और लखीसराय और अभयपुर स्टेशन के आधुनिक बनने से सफर काफी सुगम हो जाएगा.

Kiul Jhajha Third Rail Line: किऊल और इसके आसपास का रेल नेटवर्क आने वाले समय में और मजबूत होने जा रहा है. किऊल-झाझा के बीच तीसरी रेल लाइन और किऊल-गया रेलखंड का दोहरीकरण ट्रेनों की क्षमता बढ़ाएगा. वहीं लखीसराय और अभयपुर स्टेशन पर भी यात्री सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं.

पटना-हावड़ा मुख्य रेलमार्ग के अहम जंक्शन किऊल के आसपास रेल सुविधाओं को बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है. किऊल-झाझा के बीच तीसरी रेल लाइन बनाने की योजना को मंजूरी मिल गई है. 54 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन पर 962 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

यह रेलखंड हावड़ा-दिल्ली के ज्यादा ट्रैफिक वाले रेल रूट का हिस्सा है. तीसरी लाइन बनने के बाद इस रास्ते पर ट्रेनों की आवाजाही के लिए ज्यादा जगह मिलेगी. इससे यात्री और मालगाड़ियों को चलाने में आसानी होगी. मौजूदा रेल लाइनों पर दबाव भी कम होगा और आगे जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की गुंजाइश बढ़ेगी.

किऊल-गया रेल लाइन से दक्षिण बिहार का सफर होगा आसान

किऊल-गया रेलखंड का 124 किलोमीटर लंबा दोहरीकरण भी पूरा हो चुका है. इस परियोजना पर 2,462 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. दोहरीकरण के बाद किऊल और गया के बीच ट्रेनों को चलाने की क्षमता बढ़ी है.

इसका फायदा लखीसराय और आसपास के इलाकों को भी मिलेगा. किऊल से दक्षिण बिहार की ओर रेल संपर्क पहले से ज्यादा मजबूत हुआ है. यात्रियों के साथ माल ढुलाई के लिए भी यह रूट ज्यादा बेहतर होगा.

किऊल-गया परियोजना के तहत अलग-अलग स्टेशनों और हाल्ट पर यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने का काम भी चल रहा है. हाल में कई जगह फुट ओवरब्रिज, रैंप और सीढ़ियां बनाने से जुड़े काम के लिए टेंडर भी जारी किया गया है.

लखीसराय जंक्शन पर तेजी से बदल रही तस्वीर

लखीसराय जंक्शन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बेहतर बनाया जा रहा है. स्टेशन पर नया मुख्य प्रवेश भवन, फुट ओवरब्रिज का विस्तार और सर्कुलेटिंग एरिया से जुड़े काम पूरे किए जा चुके हैं.

मौजूदा फुट ओवरब्रिज पर लिफ्ट लगाने का काम अभी जारी है. इससे खासकर बुजुर्गों और दूसरे यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक आने-जाने में सुविधा मिलेगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

अभयपुर स्टेशन पर भी बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं

किऊल-जमालपुर रेलखंड के अभयपुर स्टेशन पर भी विकास का काम आगे बढ़ रहा है. यहां नए स्टेशन भवन और सर्कुलेटिंग एरिया के विस्तार से जुड़े काम किए जा रहे हैं. स्टेशन को बेहतर दिखाने और यात्रियों के लिए जरूरी सुविधाएं बढ़ाने की योजना पर भी काम चल रहा है.

अभयपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 को चौड़ा करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है. इसके अलावा सर्कुलेटिंग एरिया को बड़ा करने, उसका रूप बेहतर करने और दूसरी जरूरी सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है.

अभयपुर में रेलवे सुरक्षा भी होगी मजबूत

अभयपुर स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है. यहां आरपीएफ पोस्ट और बैरक बनाने का काम लिया गया है. इससे स्टेशन और रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

इसे भी पढ़ें: अब 20 नहीं 22 कोच के साथ दौड़ेगी ये ट्रेन, त्योहारों में टिकट की टेंशन होगी कम, इन जिलों को फायदा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By परितोष शाही

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >