साइकिल चोरी के आरोप में युवक की पिटाई
साइकिल चोरी के आरोप में युवक की पिटाई
अस्पताल रोड में लोगों ने पकड़कर किया घायल, पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया
किशनगंज. शहर के अस्पताल रोड में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गयी, जब साइकिल चोरी के आरोप में एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया. आरोप है कि युवक साइकिल चुराने की कोशिश कर रहा था. तभी आसपास मौजूद लोगों की नजर उस पर पड़ गयी और लोगों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया. देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जुट गयी. गुस्साये लोगों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने युवक को काफी देर तक पीटा, जिससे उसकी हालत खराब हो गयी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व किसी तरह युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया. इसके बाद घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.