किशनगंज. जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश में आया है, जहां बड़ी बहन के देवर ने एक युवती को शादी का झांसा देकर लगातार दो वर्षों तक अपनी हवस का शिकार बनाया. जब पीड़िता ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपित युवक मुकर गया व उसके साथ मारपीट भी की. न्याय के लिए दर-दर भटकने के बाद पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली, जिसके निर्देश पर रविवार को महिला थाने में आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
देवर बनकर बनाया शिकार, शादी की बात पर की पिटाई
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बहादुरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता का आरोप है कि उसकी बड़ी बहन का देवर उसे शादी का झांसा देकर पिछले दो वर्षों से शारीरिक शोषण करता रहा. सामाजिक लोक-लाज व शादी के भरोसे के कारण पीड़िता चुप रही. लेकिन जब उसने आरोपित युवक से शादी करने की बात कही, तो वह टालमटोल करने लगा. हद तो तब हो गयी जब आरोपित ने शादी से इनकार करते हुए युवती के साथ मारपीट भी की.
सामाजिक बदनामी के बाद पीड़िता ने ली कानून की मदद
इस घटना के कारण समाज में पीड़िता की काफी बदनामी होने लगी, जिससे तंग आकर व इंसाफ की उम्मीद में उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया. न्यायालय के कड़े रुख के बाद महिला थाना पुलिस ने अब केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ कर दिया गया है. पुलिस पीड़िता का बयान दर्ज करने और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की प्रक्रिया में जुटी है.
