किशनगंज. बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के अंतर्गत सातवें निश्चय ”सबका सम्मान-जीवन आसान” को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी विशाल राज द्वारा आम जनमानस की समस्याओं को सुना गया. इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सप्ताह में दो दिन, सोमवार एवं शुक्रवार को सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे. इसका मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है.
कार्यालयों में बुनियादी सुविधाएं व आगंतुक पंजी अनिवार्य
जिला पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल व शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायी जाए. साथ ही, प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का विधिवत संधारण करते हुए प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि व उनका समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. प्रखंड, पंचायत व जिला स्तर पर प्रतिदिन आने वाले आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग भी अब अनिवार्य कर दी गयी है. डीएम ने स्पष्ट किया कि आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए.
लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी, प्रभार वाले अधिकारियों को भी निर्देश
डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्देशों की अवहेलना या अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी. यदि किसी कारणवश मुख्य पदाधिकारी अनुपस्थित हों, तो उनके स्थान पर अधिकृत पदाधिकारी आमजनों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे. जो पदाधिकारी एक से अधिक कार्यालयों के प्रभार में हैं, वे सोमवार व शुक्रवार को सुविधानुसार समय निर्धारित कर सभी कार्यालयों में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे. किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी को तत्काल अपने वरीय अधिकारी को सूचित करने का निर्देश दिया गया है.
