चार प्रखंडों में पैक्स चुनाव के लिए मतदान आज, चप्पे-चप्पे पर रहेगी प्रशासन की नजर

चार प्रखंडों में पैक्स चुनाव के लिए मतदान आज, चप्पे-चप्पे पर रहेगी प्रशासन की नजर

बहादुरगंज, टेढ़ागाछ, दिघलबैंक व ठाकुरगंज में वोटिंग. मतदान के तुरंत बाद होगी मतगणना

किशनगंज. पैक्स निर्वाचन 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेक्टर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गयी. जिले के चार प्रखंडों क्रमश: बहादुरगंज, टेढ़ागाछ, दिघलबैंक व ठाकुरगंज में मतदान की प्रक्रिया संपन्न होनी है.

समय व प्रक्रिया : मतपेटिका से होगा फैसला

पैक्स निर्वाचन के अंतर्गत मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम 04:30 बजे तक चलेगा. विशेष बात यह है कि मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात उसी दिन मतगणना की प्रक्रिया भी शुरू करा दी जाएगी. पूरी निर्वाचन प्रक्रिया पारंपरिक मतपेटिका (बैलेट बॉक्स) के माध्यम से संपादित की जाएगी.

मतदान केंद्रों का गणित: ठाकुरगंज में सबसे अधिक केंद्र

जिले के चारों प्रखंडों में शांतिपूर्ण मतदान के लिए पर्याप्त संख्या में केंद्र बनाए गए हैं:

ठाकुरगंज: 23 मतदान केंद्र

बहादुरगंज: 08 मतदान केंद्र

टेढ़ागाछ: 08 मतदान केंद्र

दिघलबैंक: 03 मतदान केंद्र

सेक्टर दंडाधिकारियों को सख्त निर्देश : हर दो घंटे में देनी होगी रिपोर्ट

जिला पदाधिकारी ने सभी सेक्टर दंडाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे मतदान की पल-पल की जानकारी साझा करें. उन्हें प्रत्येक दो घंटे में रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा मतदान समाप्ति तक अपने-अपने सेक्टर के सभी मतदान केंद्रों का निरंतर भ्रमण सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है. डीएम ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित करें.

सुरक्षा घेरा : 200 मीटर की परिधि में समर्थकों का प्रवेश वर्जित

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने विधि-व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को समय पर केंद्रों पर पहुंचने व यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी प्रत्याशी या उनके समर्थक मतदान केंद्र के 200 मीटर की परिधि के भीतर मौजूद न रहें. इस नियम का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया है. ताकि निष्पक्ष व भयमुक्त मतदान संपन्न कराया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >