अब सीमांचल बनेगा वैनिला हब
-वैनिला की खेती को दुनिया की सबसे जटिल और मेहनत वाली खेती में गिना जाता है.-ठाकुरगंज में वैनिला की खेती में ऐतिहासिक सफलता, पहली बार किसान ने किया फूलों का सफल हैंड पॉलिनेशन
प्रतिनिधि, ठाकुरगंज (किशनगंज) सीमांचल अब केवल केला, चाय व ड्रैगन फ्रुट्स के लिए ही नहीं, महंगे वैनिला की खेती के लिए जाना जायेगा. सीमांचल के कृषि इतिहास में एक नयी इबारत लिखी गयी है. ठाकुरगंज के एक प्रगतिशील किसान हंसराज नखत ने पहली बार वैनिला की खेती में सफलता हासिल करते हुए उसके फूलों का सफलतापूर्वक हाथ से परागण (हैंड पॉलिनेशन) कर दिखाया है. यह उपलब्धि न केवल एक किसान की मेहनत का परिणाम है, बल्कि पूरे क्षेत्र के किसानों के लिए नयी दिशा और प्रेरणा का स्रोत बन गयी है. वैनिला की खेती को दुनिया की सबसे जटिल और मेहनत वाली खेती में गिना जाता है. खास बात यह है कि इसके फूलों का प्राकृतिक परागण संभव नहीं होता और हर एक फूल को सीमित समय के भीतर हाथ से परागित करना पड़ता है. ऐसे में पहली ही कोशिश में सफलता मिलना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.मेहनत, प्रयोग और सफलता की कहानी
किसान हंसराज नखत बताते हैं कि सीमित संसाधनों के बावजूद इस नयी खेती को अपनाने का साहस दिखाया. तकनीकी जानकारी जुटाकर वैनिला के पौधे तैयार किये और जब फूल आये, तो बेहद सावधानी से उनका परागण किया. इसका परिणाम हुआ कि पहली बार में सफल परागण में सफलता पायी. इससे फल (वैनिला बीन्स) बनने की संभावना मजबूत हुई. यह सफलता यह दर्शाती है कि सीमांचल के किसान अब परंपरागत खेती से आगे बढ़कर नवाचार की राह पर चलने लगे हैं. इस सफलता के बाद आसपास के किसानों में नयी ऊर्जा देखने को मिल रही है. कई किसान अब पारंपरिक खेती से हटकर वैनिला जैसी उन्नत और लाभकारी फसलों की ओर रुख करने लगे हैं.
क्यों खास है यह उपलब्धि वैनिला दुनिया के सबसे महंगे मसालों में शामिल है. इसकी फसल से कम जमीन में भी अधिक मुनाफा संभव है. इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग है.चुनौतियां अब भी, लेकिन राह भी यहीं से बनेगी
वैनिला की पहली सफलता जितनी उत्साहजनक है, उतनी ही यह खेती चुनौतियों से भरी है. वैनिला के हर फूल का परागण हाथ से करना पड़ता है और यह काम बेहद सीमित समय (कुछ घंटों) के भीतर करना होता है. थोड़ी-सी चूक पूरी मेहनत पर पानी फेर सकती है. वैनिला उष्णकटिबंधीय पौधा है, जिसे विशेष तापमान और उच्च नमी की जरूरत होती है. सीमांचल में मौसम का उतार-चढ़ाव इस खेती के लिए चुनौती बन सकता है.
….तो सीमांचल बन सकता है वैनिला हब ठाकुरगंज में वैनिला की सफल परागण सिर्फ एक प्रयोग नहीं, बल्कि आने वाले बड़े बदलाव की मजबूत शुरुआत मानी जा रही है. इससे सीमांचल भी देश के कृषि मानचित्र पर एक विशेष स्थान हासिल कर सकता है. पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर हाई-वैल्यू फसलों की ओर यह कदम पूरे क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलने की क्षमता रखता है. ठाकुरगंज में वैनिला खेती की शुरुआत को उस समय वास्तविक गति मिली, जब नेशनल बैंक फॉर एग्रीकल्चर एंड रूरल डेवलपमेंट (नाबार्ड) ने इस दिशा में पहल करते हुए किसानों को इससे जोड़ा. दो वर्ष पहले नाबार्ड द्वारा ठाकुरगंज और पोठिया प्रखंड के दर्जनों किसानों के बीच वैनिला के पौधे उपलब्ध कराये गये थे.वैनिला, दूसरी सबसे महंगी फसल
वैनिला की खेती, जिसे केसर के बाद दूसरी सबसे महंगी फसल माना जाता है, मुख्य रूप से छायादार व नम जलवायु में की जाती है. इसमें 60-120 सेमी लंबी कलमों को सहारे (पेड़ या पोल) के साथ लगाया जाता है. तीन साल में फसल तैयार होती है. प्रति एकड़ 200-300 किलो की उपज के साथ ₹40,000-₹50,000 प्रति किलो का भाव मिल सकता है. वैनिला के फायदे वैनिला केवल आइसक्रीम का स्वाद नहीं, बल्कि एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर एक स्वास्थ्यवर्धक मसाला है. यह तनाव कम करता है. इसमें सूजन-रोधी गुण होते हैं. हृदय व त्वचा के लिए फायदेमंद है. इसमें वैनिलिन नामक यौगिक होता है, जो मस्तिष्क के स्वास्थ्य में सहायक हो सकता है.