तीन दिवसीस कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, प्रमाण पत्र वितरित

मछली से बने विभिन्न उत्पाद तैयार कर अपने हाट-बाजार में व्यवसाय शुरू कर सकते हैं.

पोठिया अर्राबाड़ी स्थित मात्स्यिकी महाविद्यालय में शुक्रवार को तीन दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किट वितरण एवं प्रमाण पत्र देकर किया गया. कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. वी.पी. सैनी के मार्गदर्शन में किया गया. मालूम हो कि मात्स्यिकी महाविद्यालय द्वारा बुधवार से अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत मूल्य संवर्धित मत्स्य उत्पादों के प्रसंस्करण पर तीन दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी. यह प्रशिक्षण 11 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे प्रारंभ हुआ और 13 मार्च शुक्रवार को समापन के साथ संपन्न हुआ. समापन अवसर पर कुल 40 महिला एवं पुरुष किसानों को स्टार्टअप किट तथा प्रमाण पत्र प्रदान किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई. अधिष्ठाता डॉ. वीपी सैनी ने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से अनुसूचित जाति के महिला और पुरुष प्रतिभागियों को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित किया गया है. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आवश्यक जानकारी और तकनीकी ज्ञान दिया गया है, जिससे वे मछली से बने विभिन्न उत्पाद तैयार कर अपने हाट-बाजार में व्यवसाय शुरू कर सकते हैं. यदि प्रतिभागी इस प्रशिक्षण का सही उपयोग करते हैं तो यह पहल उनकी आजीविका के लिए काफी लाभदायक साबित होगी. उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय किसानों को मछली से बनने वाले विभिन्न मूल्य संवर्धित उत्पादों के बारे में जागरूक करना और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित करना है. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मछली से बनने वाले उत्पाद जैसे मछली अचार, कटलेट, बर्गर, पापड़, बिरयानी और मोमोज आदि बनाने की विधि सिखाई गई. प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को व्यवसाय शुरू करने के लिए अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत स्टार्टअप किट प्रदान किया गया. किट में लगभग 23 प्रकार की सामग्री जैसे आइस बॉक्स, इलेक्ट्रिक तराजू, हॉटपॉट, कढ़ाई, चाकू, चॉपिंग बोर्ड, एप्रन, डीस्केलर, चिमटा, गमला और बैठी आदि शामिल हैं, जिससे उन्हें अपना कार्य शुरू करने में सहायता मिलेगी. इस अवसर पर डॉ पूजा सकलानी, डॉ परमानन्द प्रभाकर, डॉ. मो अमन हसन, डॉ सर्वेंद्र कुमार एवं रविशंकर कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे. वहीं बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना के कुलपति डॉ इंद्रजीत सिंह ने सभी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं दीं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >