चोरों ने तो भगवान का घर भी नहीं छोड़ा, गहने व मूर्ति की चोरी

चोरों ने तो भगवान का घर भी नहीं छोड़ा

ठाकुरगंज

ठाकुरगंज में चोरों ने मंदिरों को भी नहीं छोड़ा. ठाकुरगंज के मुख्य बाजार में दिगंबर जैन मंदिर के पहले तल्ले पर बने एक मंदिर का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के गहने सहित दो मूर्ति चुरा लिए हैं. इस घटना से जैन श्रद्धालुओं में रोष है. घटना शनिवार मध्य रात्रि की बताई जा रही है. मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरा के खराब रहने के कारण पुलिस ने आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं. जिसके बाद चोरों की गतिविधियां सामने आई है.

पुलिस की टीम मौके पर पहुंची

इस घटना को लेकर मंदिर से जुड़े लोगों ने बताया की चोरी की जानकारी तब हुई जब सुबह भक्त मंदिर पूजा करने आये. उस वक्त शटर का ताला गायब देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी गयी. जिसके बाद थानाध्यक्ष मकसूद अहमद अशरफी अपने सहयोगी बिपिन कुमार सिंह के साथ मंदिर परिसर पहुंचे और छानबीन शुरू की. छानबीन के क्रम में मंदिर के भक्तों ने बताया कि चोरों ने दो मूर्ति, सिंहासन और छत्र भाव मंडल के साथ तिजौरी को तोड़कर उसमें रखे रुपयों की चोरी की है.

सीसीटीवी में कैद हुई घटना

घटना की सूचना मिलने के बाद भक्तों का मंदिर पहुंचना शुरू हो गया. वहीं मामले की सूचना मिलने के बाद ठाकुरगंज थानाध्यक्ष मकसूद अहमद अशरफी भी घटना स्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. इस दौरान मंदिर के बगल के घर में मौजूद सीसीटीवी खंगालने पर दो संदिग्धों को चिह्नित किया है. हालांकि दोनों संदिग्धों में एक अपने चेहरे को हाथ से ढक कर चल रखा था तो दूसरा शख्स अपने चेहरे पर रुमाल बांधे हुआ था. सीसीटीवी के अनुसार दोनों चोर लगभग 12:45 बजे इलाके में प्रवेश किए और मंदिर की साइड की दीवार से कूदकर मंदिर में प्रवेश किया. इस दौरान दो शटर में लगे चार ताले को कटर से काटकर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया.

चोरों को जल्दी पकड़ लिया जायेगा

थानाध्यक्ष मकसूद अहमद अशरफी ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे में चोर नजर आए हैं. लेकिन चेहरे को नकाब जैसे कपड़े से छुपाए हुए हैं. फिर भी चोरों की पहचान हो जाएगी और घटना में शामिल चोरों को जल्द ही पकड़ लिया जायेगा. उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए गठित टीमें चोरों की खोज में जुट गई है. चोरों को मंदिर की भली भांति जानकारी थी और तय प्लानिंग के तहत चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है.

पहले भी हो चुकी है चोरी की घटना

बता दें कि इस मंदिर में पूर्व में भी चोरी की घटना हो चुकी है. 12 मई 2015 की रात को ठाकुरगंज के जैन मंदिर से अष्टधातु की बनी भगवान महावीर की तीन मूर्तियां चोरों ने उड़ा ली थीं. वहीं 4 मई 2018, को भी चोरी का प्रयास किया गया था, लेकिन पहरेदार की सजगता से चोरी नहीं हुई थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >