बंगाल सीमा से शराब खपाने की आशंका, डिलिवरी ब्वॉय पर पुलिस व उत्पाद टीम की विशेष नजर

बंगाल सीमा से शराब खपाने की आशंका, डिलिवरी ब्वॉय पर पुलिस व उत्पाद टीम की विशेष नजर

किशनगंज. होली के मद्देनजर शहर में छोटी से बड़ी शराब की खेप न पहुंचे, इसे लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिले के विभिन्न चेक पोस्टों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. आने-जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है, ताकि अवैध शराब की आपूर्ति पर पूरी तरह रोक लगायी जा सके. विशेष रूप से डिलिवरी ब्वॉय पर पुलिस व उत्पाद टीम की पैनी नजर है. आशंका जतायी जा रही है कि सीमावर्ती क्षेत्रों से स्कूटी व बाइक के माध्यम से शराब की खेप शहर में खपाने की कोशिश की जा सकती है. पश्चिम बंगाल की सीमा समीप होने के कारण तस्कर नये-नये तरीके अपनाने की फिराक में रहते हैं. ऐसे में पुलिस संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर रही है. चेक पोस्टों पर दोपहिया वाहनों की विशेष जांच की जा रही है तथा आवश्यक होने पर कागजात की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. उत्पाद विभाग की टीम के साथ समन्वय बनाकर लगातार छापेमारी और गश्ती अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >