KISHANGANJ : मालटोली में जंगली हाथियों का आतंक, गरीब परिवारों के घरों को किया क्षतिग्रस्त

दिघलबैंक पंचायत के मालटोली गांव में बीती रात्रि जंगली हाथियों के झुंड ने भारी उत्पात मचाते हुए कई गरीब परिवारों के आशियानों को तहस-नहस कर दिया.

दिघलबैंक (किशनगंज ) से नरेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट :

दिघलबैंक पंचायत के मालटोली गांव में बीती रात्रि जंगली हाथियों के झुंड ने भारी उत्पात मचाते हुए कई गरीब परिवारों के आशियानों को तहस-नहस कर दिया. हाथियों के तांडव से पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया. ग्रामीणों के अनुसार हाथियों ने घरों को क्षतिग्रस्त करने के साथ-साथ घरों में रखा अनाज भी नष्ट कर दिया, जिससे पीड़ित परिवारों के सामने भोजन और आश्रय का संकट खड़ा हो गया है. घटना की सूचना मिलते ही मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह स्वयं मालटोली गांव पहुंचे और क्षतिग्रस्त घरों का निरीक्षण कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. उन्होंने ग्रामीणों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए उनका हौसला बढ़ाया. मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द सरकारी मुआवजा दिलाने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता की गई है. उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को हुए भारी आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए प्रशासन को तत्काल कदम उठाने चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया. पंचायत क्षेत्र में वन कर्मियों की तैनाती बढ़ाने, अतिरिक्त “एलिफेंट स्क्वॉड” की व्यवस्था करने तथा रात्रि गश्ती तेज करने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह ने कहा कि गरीबों का आशियाना और उनके खाने का सहारा छिन जाना अत्यंत पीड़ादायक है.उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग करते हुए कहा कि ग्रामीणों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने आश्वस्त किया कि पंचायत की जनता के सुख-दुख में वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >