KISHANGANJ : अग्नि सुरक्षा पर अलर्ट : अंचल कार्यालय से सरकारी भवनों तक बढ़ी सतर्कता

भीषण गर्मी के बीच आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ठाकुरगंज में भी सरकारी कार्यालयों और भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस बढ़ गया है.

ठाकुरगंज (किशनगंज ) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट :

भीषण गर्मी के बीच आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ठाकुरगंज में भी सरकारी कार्यालयों और भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस बढ़ गया है. बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी निर्देश के बाद राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने अंचल कार्यालयों को रिकॉर्ड रूम और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है. निर्देश में साफ कहा गया है कि अंचल कार्यालयों में रखे पुराने अभिलेख, जमाबंदी पंजी, खतियान और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज आग लगने की स्थिति में सबसे अधिक जोखिम में रहते हैं. ऐसे में रिकॉर्ड रूम में विशेष सतर्कता बरतने का आदेश दिया गया है.

क्या-क्या करने को कहा गया

-रिकॉर्ड रूम में दस्तावेज सुरक्षित रैक और अलमारी में रखने का निर्देश.

-कार्यालय बंद होने के बाद कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य उपकरणों का बिजली कनेक्शन हटाने का निर्देश.

-भवनों में फायर एक्सटिंग्विशर की उपलब्धता और उसकी वैधता जांचने का निर्देश.

-इमरजेंसी निकासी मार्ग साफ रखने और हर मंजिल पर Exit Plan लगाने को कहा गया.

-कर्मचारियों को आग बुझाने के उपकरण चलाने का प्रशिक्षण देने की तैयारी.

ठाकुरगंज में कितनी तैयारी

सरकारी निर्देश आने के बाद अब स्थानीय स्तर पर भी चर्चा शुरू हो गई है कि क्या ठाकुरगंज के सभी सरकारी कार्यालय अग्नि सुरक्षा मानकों पर खरे उतरते हैं. कई पुराने भवनों में अब भी वायरिंग, सुरक्षा उपकरण और आपातकालीन निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठते रहे हैं.

रिकॉर्ड रूम सबसे संवेदनशील

जानकारों की मानें तो अंचल कार्यालयों के रिकॉर्ड रूम में वर्षों पुराने दस्तावेज रखे होते हैं, जिनका डिजिटल बैकअप भी कई जगह अधूरा है. ऐसे में आग की एक घटना प्रशासनिक व्यवस्था के लिए बड़ा संकट बन सकती है. अब देखना होगा कि सरकार के इस निर्देश के बाद ठाकुरगंज में अग्नि सुरक्षा को लेकर सिर्फ कागजी तैयारी होती है या जमीन पर भी व्यवस्थाएं मजबूत की जाती हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >