KISHANGANJ : मूसलाधार बारिश से थमी ठाकुरगंज की रफ्तार, सुबह-सुबह सड़कें दिखीं वीरान
ठाकुरगंज में बुधवार तड़के हुई लगातार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया. सुबह करीब पांच बजे से शुरू हुई बारिश के कारण मुख्य सड़कें लगभग सुनसान नजर आईं.आम दिनों में जहां सुबह के समय लोगों की आवाजाही शुरू हो जाती है, वहीं बारिश के कारण लोग घरों में दुबके रहे.
ठाकुरगंज (किशनगंज ) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट :
ठाकुरगंज में बुधवार तड़के हुई लगातार बारिश ने शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया. सुबह करीब पांच बजे से शुरू हुई बारिश के कारण मुख्य सड़कें लगभग सुनसान नजर आईं.आम दिनों में जहां सुबह के समय लोगों की आवाजाही शुरू हो जाती है, वहीं बारिश के कारण लोग घरों में दुबके रहे. बारिश के चलते सड़कों पर पानी जमा हो गया और जगह-जगह गिरे पत्तों व कीचड़ ने आवागमन को मुश्किल बना दिया. कई इलाकों में फिसलन बढ़ जाने से बाइक चालकों और पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि नगर पंचायत का सफाईकर्मी बारिश के बीच भी रेनकोट पहनकर सड़क पर सफाई व्यवस्था संभालता नजर आया, लेकिन जलनिकासी की धीमी व्यवस्था कई जगहों पर साफ दिखाई दी. लगातार बूंदाबांदी और आसमान में छाए काले बादलों ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया. ठंडी हवा और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली.स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की से मध्यम बारिश में ही कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनने लगती है. नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी तेजी से नहीं निकल पाता. लोगों ने नगर प्रशासन से बरसात से पहले जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है ताकि आने वाले दिनों में भारी बारिश के दौरान परेशानी और न बढ़े.