वर्षों से अधूरा पड़ा है इस्लाम टोला प्राथमिक विद्यालय का भवन

वर्षों से अधूरा पड़ा है इस्लाम टोला प्राथमिक विद्यालय का भवन

संवेदक की लापरवाही व विभाग की उदासीनता से बच्चों का भविष्य अधर में, डीएम से शिकायत

किशनगंज. शिक्षा विभाग बेहतर संसाधन व आधुनिक सुविधाओं के चाहे जितने लंबे-चौड़े दावे कर ले, लेकिन बहादुरगंज प्रखंड के समेश्वर पंचायत स्थित इस्लाम टोला से आने वाली तस्वीरें इन दावों की कड़वी हकीकत बयां कर रही हैं. यहां प्राथमिक विद्यालय का भवन निर्माण कार्य वर्षों बीत जाने के बाद भी अधूरा पड़ा है, जिससे मासूम बच्चे बेहतर परिवेश में शिक्षा पाने के अधिकार से वंचित हैं.

छत ढलाई के बाद बंद हुआ काम, अब जर्जर हो रहा ढांचा

भवन निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में यह उम्मीद जगी थी कि अब उनके बच्चों को खुले आसमान के नीचे या जर्जर झोपड़ी में नहीं पढ़ना पड़ेगा. बड़े उत्साह के साथ निर्माण कार्य शुरू भी हुआ, लेकिन छत की ढलाई होने के बाद संवेदक ने काम बंद कर दिया. तब से यह आधा-अधूरा ढांचा जस का तस खड़ा है. देखरेख के अभाव में अब धीरे-धीरे जर्जर होने लगा है. संवेदक की मनमानी व विभागीय चुप्पी ने सरकार के ”पढ़ेगा इंडिया, बढ़ेगा इंडिया” के नारे को ठंडे बस्ते में डाल दिया है.

कम जगह में पढ़ने को मजबूर हैं छात्र, बारिश में बढ़ती है आफत

विद्यालय भवन का कार्य पूर्ण न होने के कारण छात्र-छात्राएं बेहद कम जगह में किसी तरह बैठकर पढ़ने को मजबूर हैं. अभिभावकों का कहना है कि बरसात के दिनों में छत टपकने व बैठने की सही जगह न होने के कारण पठन-पाठन पूरी तरह बाधित हो जाता है. कई बार विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन ढाक के वही तीन पात रहे.

ग्रामीणों ने डीएम विशालराज को सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी

समस्या का समाधान न होता देख स्थानीय ग्रामीणों ने अब जिलाधिकारी विशालराज का दरवाजा खटखटाया है. ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में हस्तक्षेप करने व निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की गुहार लगायी है. ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि जल्द ही विद्यालय भवन का काम शुरू नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. उनका कहना है कि बच्चों की शिक्षा के साथ इस तरह का खिलवाड़ अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Awadhesh kumar

अवधेश कुमार विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं. इन्होंने बतौर पत्रकार अपने कैरियर की शुरूआत वर्ष 2001 से की. उसके बाद विगत 15 वर्षो से प्रभात खबर, किशनगंज के कार्यालय प्रभारी के रूप में कार्यरत हैं. इनकी रूचि राजनीतिक, सामाजिक व अपराध से जुड़ी खबरों में है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >