टेकनी पुल का रेनकट बना खतरा, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

किशनगंज के टेढ़ागाछ प्रखंड में टेकनी पुल का एप्रोच बरसाती पानी से क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी हो रही है. पुल का रेनकट जान जोखिम में डाल रहा है और ग्रामीण तत्काल मरम्मत की मांग कर रहे हैं.

किशनगंज से गौरव कुमार की रिपोर्ट

टेढ़ागाछ: प्रखंड क्षेत्र के हजारी चौक से निशन्द्रा जाने वाली लगभग 29 किलोमीटर लंबी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क पर स्थित चिल्हनियां पंचायत के टेकनी पुल का एप्रोच बरसाती पानी के कारण रेनकट होकर क्षतिग्रस्त हो गया है. इससे इस मार्ग पर प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है. सड़क के दोनों ओर कटाव होने से बाइक, साइकिल सवारों और पैदल चलने वाले लोगों को जान जोखिम में डालकर गुजरना पड़ रहा है.

रात में बढ़ जाता है हादसे का खतरा

स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल के एप्रोच पर बने रेनकट का रात के समय अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. ऐसे में वाहन चालकों के असंतुलित होने का खतरा बना रहता है. बरसात के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

कई गांवों की जीवनरेखा है यह सड़क

ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क कई गांवों को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है. इसी रास्ते से छात्र-छात्राएं, किसान, मरीज और आम लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं. पुल का एप्रोच क्षतिग्रस्त होने से लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

ग्रामीणों ने की तत्काल मरम्मत की मांग

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से पुल के क्षतिग्रस्त एप्रोच की तत्काल मरम्मत कराने, रेनकट भरने और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.

शुक्रवार से मरम्मत का कार्य शुरू होगा : कनीय अभियंता

ग्रामीणों की शिकायत के बाद विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है. कनीय अभियंता रणधीर कुमार ने बताया कि टेकनी पुल के क्षतिग्रस्त एप्रोच की जानकारी प्राप्त हुई है. उन्होंने कहा कि शुक्रवार से पुल के एप्रोच को सुदृढ़ करने और रेनकट भरने का कार्य कराया जाएगा, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुचारु हो सके. विभाग के इस आश्वासन से स्थानीय लोगों में जल्द समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है.

और पढ़ें : डुमरिया पंचायत में कलवर्ट के अभाव में बिजली के खंभों पर चलने को मजबूर ग्रामीण


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। अपने समाचार पोर्टल पर कार्य करते हुए उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट निर्माण में अनुभव हासिल किया। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >