साधारण किसान परिवार की बेटी ने सीमित संसाधनों में हासिल की बड़ी सफलता, गांव में खुशी की लहर
पहाड़कट्टा. पोठिया प्रखंड के उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय जहांगीरपुर की छात्रा रूही नाज ने मैट्रिक परीक्षा-2026 में जिला टॉपर बनकर अपने परिवार, गांव व प्रखंड का नाम रोशन किया है. रूही नाज ने 477 अंक हासिल कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है. वह जहांगीरपुर पंचायत के मसनाबस्ती गांव निवासी मो आलम की पुत्री है. उनके पिता एक सामान्य किसान हैं, जबकि मां गृहिणी हैं. सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाली रूही नाज ने सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत व लगन से यह मुकाम हासिल किया है. उनकी इस सफलता से पूरे इलाके में गर्व और खुशी का माहौल है. परिणाम घोषित होते ही रूही नाज के घर में खुशी का माहौल बन गया. परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशियां साझा की. इस उपलब्धि पर परिजनों के साथ-साथ विद्यालय के शिक्षकों व ग्रामीणों ने भी रूही नाज को बधाई दी है. उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय जहांगीरपुर के शिक्षकों ने उनकी सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि रूही अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है.